कलेक्टर-एसपी ने एयरपोर्ट पहुंच शेरपाओं को किया विदा
उदयपुर, 8 दिसम्बर। लेकसिटी में जी-20 शेरपा सम्मेलन के सफल आयोजन के बाद गुरुवार को 29 देशों के समस्त शेरपाओं व अन्य अतिथियों को जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा एयरपोर्ट पर विदाई दी गई। नोडल अधिकारी व अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओपी बुनकर ने बताया कि जिला कलेक्टर ताराचंद मीणा, एसपी विकास शर्मा, जिला परिषद सीईओ मयंक मनीष, गिरवा एसडीएम सलोनी खेमका सहित प्रोटोकॉल में लगे अधिकारियों ने भारत के शेरपा अमिताभ कांत व विदेशी अतिथियों को पुष्प भेंटकर विदा किया। एयरपोर्ट डायरेक्टर नंदिता भट्ट, ऑपरेशन इंचार्ज पीसी महावर, एयरपोर्ट टर्मिनल मैनेजर भावना सुथार, भरत गुप्ता और सीआईएसएफ के डीसी अतुल भनोटरा, विक्रम सिंह और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
भावुक दिखे अतिथि व मेजबान
एयरपोर्ट पर डेलीगेट्स को विदा करते हुए अधिकारी भी भावुक दिखे। इधर विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधि और शेरपा भी उदयपुर के अनुभवों को लेकर गदगद नजर आए। एयरपोर्ट से भारत के जी-20 शेरपा अमिताभ कान्त, सो शेरपा अभय ठाकुर, संयुक्त सचिव विदेश मंत्रालय जी एस नायडू सहित विभिन्न देशों के शेरपाओं ने प्रस्थान किया। इस दौरान उन्हें प्रशासन की ओर से पुष्प भेंट किए गए। एयरपोर्ट पर “थैंक्स फॉर विजिट” का बोर्ड भी जी-20 की ओर से लगाया गया। इसके अलावा धन्यवाद ज्ञापित करने के लिए सुंदर सजावट कर पीले फूलों से धन्यवाद लिखा गया।
समन्वय और सहयोग के बगैर सफलता संभव नहीं
संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट और जिला कलक्टर ताराचंद मीणा ने जी-20 शेरपा सम्मेलन की ऐतिहासिक सफलता के लिए संपूर्ण श्रेय विदेश मंत्रालय, आयोजन से जुड़ी इवेंट मैनेजमेंट कम्पनियों, सुरक्षा एजेंसियों और जिला स्तरीय विभिन्न विभागीय, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों व कार्मिकों के समन्वय व सहयोग को दिया है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सहयोग के बगैर अंतरराष्ट्रीय स्तर के वृहद आयोजन की सफलता सम्भव न थी। उन्होंने विदेशी अतिथियों के स्वागत-सत्कार, आवास-प्रवास, आवागमन, भोजन, सुरक्षा, पर्यटन स्थल भ्रमण सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त किया है।
आईजी व एसपी ने भी जताया आभार
इधर, उदयपुर आईजी प्रफुल्ल कुमार और एसपी विकास शर्मा ने कानून व्यवस्था तथा सुरक्षा से जुड़े तमाम अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार जताया है और कहा है कि उनकी तत्परता और सजगता के कारण यह अंतर्राष्ट्रीय स्तर का आयोजन निर्विघ्न सम्पन्न हुआ है। उन्होंने एसडीआरएफ दल के साथ ही अन्य सुरक्षा एजेन्सियों व व्यवस्थाओं में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त किया है।
मेवाड़ी आवभगत से अभिभूत विदेशी मेहमानों ने उदयपुर से ली विदाई
