उदयपुर, 28 मार्च। शहर के प्रतिष्ठित एवं हेरिटेज बालिका विद्यालय रेजीडेंसी में भारत विकास परिषद सुभाष के तत्वाधान में शनिवार को जलोत्सव का कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया।
रेजिडेंसी प्रिंसिपल मुकेश पारख द्वारा अतिथियों का सत्कार कर विद्यालय में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर वाटर हीरो डॉक्टर पीसी जैन द्वारा विद्यालय के शिक्षकों, बी.एड. प्रशिक्षुओं, शारदे हॉस्टल की छात्राओं को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा विद्यालय के वाटर कूलर एवं हैंडपंप का पूजन कर जल आरती करवाई गई।
भारत विकास परिषद सुभाष के अध्यक्ष आर.एल. जैन द्वारा जल संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि श्याम मठपाल द्वारा स्वरचित कविता पाठ किया गया। स्टाफ सदस्य अनिल जाखड़, रेखा शांडिल्य, मंजू गुर्जर, रीना एवं संगीता वर्मा द्वारा विद्यालय के प्रमुख जल स्रोतों की सजावट की गई। विद्यालय की प्रथम प्रभारी ममता बोलिया द्वारा अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन व संचालन लावण्या शर्मा द्वारा किया गया।
कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त
उदयपुर, 28 मार्च। शहर में महावीर जयंती के अवसर पर 30, 31 मार्च एवं हनुमान जन्मोत्सव पर्व पर 1 व 2 अप्रैल को विभिन्न स्थानों पर शोभा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला कलक्टर नमित मेहता ने एक आदेश जारी कर उपखण्ड मजिस्ट्रेट, गिर्वा अवुला साई कृष्णा, तहसीलदार, उदयपुर विकास प्राधिकरण अभिनव शर्मा और रणजीत सिंह एवं तहसीलदार गिर्वा श्याम सिंह चारण को कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।
