आदर्श आचार संहिता की पालना के लिए प्रभारी अधिकारी नियुक्त

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 18 सितंबर। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने एक आदेश जारी कर आगामी विधानसभा आम चुनाव-2023 को लेकर भारत निर्वाचन आयोग की घोषणा के पश्चात लागू होने वाली आदर्श आचार संहिता की पालना को लेकर प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए हैं। आदेश में बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से आगामी विधानसभा आम चुनाव-2023 की घोषणा शीघ्र संभावित है। इसके साथ ही संपूर्ण राज्य में आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी। जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी (ग्रामीण क्षेत्र के लिए), आयुक्त नगर निगम उदयपुर (शहरी क्षेत्र के लिए), सचिव नगर विकास न्यास (शहरी क्षेत्र के लिए) तथा उपनिदेशक स्थानीय निकाय विभाग (संबंधित नगर पालिका क्षेत्र के लिए) अपने-अपने क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारियों के साथ समन्वय रखते हुए आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करेंगे।

राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण 20 को
उदयपुर, 18 सितम्बर। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा चुनाव-2023 के मद्देनजर जिले के सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्वाचन प्रक्रिया में किए गए अद्यतन परिवर्तनों से अवगत कराने के लिए प्रशिक्षण 20 सितम्बर को दोपहर 2 बजे जिला परिषद सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल के निर्देशन में आयोजित होगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम शैलेष सुराणा ने बताया कि प्रशिक्षण में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईईएम, एमसीसी, आईटी एप, एमसीएमसी, पेड न्यूज, फेक न्यूज, कम्प्लेन मॉनिटरिंग, एनजीआरएस, होम वोटिंग आदि विषयों के संबंध में जानकारी दी जाएगी।

जिले में आयुष्मान भव अभियान के अंतर्गत सेवा पखवाड़ा का आयोजन
उदयपुर, 18 सितंबर। जिले में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए आयुष्मान भव अभियान के तहत सेवा पखवाड़े का शुभारंभ रविवार को हुआ। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शंकर बामनिया ने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयुष्मान भव अभियान के अंतर्गत सेवा पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमे स्वास्थ्य देखभाल के बारे में जागरूकता फैलाने और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
एनसीडी कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ.प्रणव भावसार ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत आयुष्मान मेले का आयोजन किया जाएगा जिसमे प्रथम सप्ताह में प्रत्येक हेल्थ वेलनेस सेंटर पर जनसंख्या आधारित गैर संचारी रोगों जैसे डायबिटीज, हाइपरटेशन, ओरल, ब्रेस्ट, सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग की जायेगी और प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रति सप्ताह शनिवार को मेडिकल कॉलेज की सहायता से सुपरस्पेशलिटी डॉक्टर की मदद से इन गैर संचारी रोगो की स्क्रीनिंग की जायेगी। ग्राम स्तर पर इन बीमारियों से बचाव के सम्बन्ध में जागरूकता फ़ैलाने के लिए आयुष्मान सभा आयोजित की जायेगी। इस अभियान के अंतर्गत टीबी, लेप्रोसी जैसी संक्रामक बीमारियो, मातृत्व शिशु सम्बंधित कार्यक्रम और सिकल सेल एनीमिया जैसी विशिष्ठ बीमारियों के संबंध में आमजन को जागरूक करते हुए उचित परामर्श दिया जाएगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!