उदयपुर में गिर्वा प्रधान और उपप्रधान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश

कांग्रेस के दोनों नेताओं की कार्यप्रणाली के प्रति नाराजगी
उदयपुर। राज्य में सत्ता बदलते ही कांग्रेस की पूर्व विधायक एवं गिर्वा की मौजूदा प्रधान सज्जन कटारा और उप प्रधान प्रियंका कुंवर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया गया है। इस संबंध में गिर्वा पंचायत के 11 सदस्यों ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कीर्ति राठौड़ से मुलाकात की। जिन्होंने बताया कि जल्द ही बैठक में अविश्वास प्रस्ताव को लेकर मतदान कराया जाएगा।
बताया गया कि पंचायत समिति के 11 सदस्यों ने राठौड़ के समक्ष मौजूदा प्रधान कटारा तथा उप प्रधान प्रियंका की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई। चर्चा है कि राज्य में सत्ता बदलते ही इस प्रकार के रोष सामने आ रहे हैं। इधर, जिला परिषद सीईओ राठौड़ का कहना है कि सदस्यों ने मुझे अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। जिसके तहत जल्द ही गिर्वा पंचायत की बैठक बुलाई जाएगी। जिसमें उनके अलावा जिला प्रमुख, तहसीलदार आदि मौजूद रहेंगे। पंचायतीराज नियमों के अनुसार इसी बैठक में अविश्वास प्रस्ताव पारित किए जाने की प्रक्रिया भी पूर्ण की जाएगी।
गिर्वा पंचायत में कांग्रेस के 18, बीजेपी के 11 सदस्य
गौरतलब है कि गिर्वा पंचायत समिति में कांग्रेस के 18 सदस्य है, जबकि बीजेपी के 11 सदस्य। 29 सदस्यीय पंचायत समिति में कांग्रेस बहुमत है। अविश्वास प्रस्ताव के लिए एक तिहाई सदस्यों यानी दस सदस्य आवश्यक होते हैं। जबकि 11 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। तीन चौथाई सदस्यों के अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में सहमति जताने पर अविश्वास प्रस्ताव पारित माना जाएगा। इस तरह कुल 22 सदस्यों की सहमति जरूरी है। भाजपा के पास 11 सदस्य हैं और यदि अविश्वास प्रस्ताव पारित कराना है तो उन्हें कांग्रेस के 11 सदस्यों की सहमति लेनी होगी।
मावली प्रधान ने दिया इस्तीफा
उदयपुर की मावली पंचायत समिति के प्रधान एवं कांग्रेस नेता पुष्कर डांगी ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा जिला प्रमुख को भेजा है। गौरतलब है कि पुष्कर डांगी हाल ही हुए विधानसभा चुनाव में मावली से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए विधायक निर्वाचित हुए हैं। नए प्रधान के बनने तक इस पद का कार्यभार उप प्रधान को सौंपा जाएगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!