उदयपुर की सेंट्रल जेल में मिला मोबाइल, सूरजपोल थाने में अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराया मामला

उदयपुर। यहां सेंट्रल जेल की बैरक नंबर नौ में एक मोबाइल बरामद हुआ है। इसको लेकर जेल प्रशासन ने सूरजपोल थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। इससे जेल प्रशासन पर सवाल खड़े हो गए हैं कि जहां जेल अधिकारियों को मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं है, वहां मोबाइल कैसे पहुंचा? इससे जेल की सुरक्षा व्यवस्था भी संदेह के घेरे में आ गई है। जेलर और ड्यूटी पर तैनात प्रहरियों पर भी सवाल उठ रहे हैं। बिना जांच के लिए जेल में कोई सामान नहीं ले जाया जाता तो वहां मोबाइल बिना किसी की जानकारी के पहुंचना संभव नहीं है।
बताया गया कि की पैड वाले मोबाइल में दो सिम लगी हुई थी। जिसको लेकर पुलिस जाच में जुटी है। फिलहाल पुलिस ने कारागार अधिनियम की धारा 42 के तहत मामला दर्ज किया है, जिसमें जेल में प्रतिबंधित वस्तु लाना या छिपाना अपराध माना जाता है। यह सब इस दौरान मिला है जब बजरंग दल के संयोजक की हत्या को लेकर यह आशंका जताई जा रही है कि जेल में रहते हुए एक हिस्ट्रीशीटर ने उसकी हत्या कराई है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि इस मोबाइल को कौन उपयोग ले रहा था। कॉल डिटेल के आधार पर इसकी जांच की जा रही है। इस मामले में जेल अधीक्षक राजेंद्र कुमार बैरवा ने जांच की बात कही है। बताया गया कि जिला कलक्टर ताराचंद मीणा और पुलिस अधीक्षक विकाश शर्मा को राज्य सरकार ने जेल की जांच के निर्देश दिए थे और इसी कम में जेल की जांच की गई थी। जांच अधिकारियों में अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर प्रभा गौतम, पुलिस उप अधीक्षक क्षिप्रा राजावत, सविना थानाधिकारी योगेन्द्र व्यास, भूपालपुरा थानाधिकारी हनुवंत सिंह सोढ़ा शामिल थे। साथ ही पुलिस लाइन का अतिरिक्त जाब्ता जांच के लिए ले जाया गया था।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!