कोटड़ी (भीलवाड़ा) में नाबालिग बालिका को भट्टी में जलाया

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

गैंगरेप की आशंका की घटना पर आयोग अध्यक्ष श्रीमती संगीता बेनीवाल द्वारा लिया गया प्रसंज्ञान

जयपुर/भीलवाड़ा 3 अगस्त। भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग बालिका मवेशी चराने घर से निकली थी देर शाम तक उसके घर वापस नहीं लौटने पर परिजन और ग्रामीण उसे ढूंढते हुए भट्टी के पास पहुंचे तो वहां चांदी का कड़ा और जूते मिले। परिजनों ने नाबालिग के साथ हत्या एवं गैंगरेप की आशंका जताई है। उक्त प्रकरण को राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा गंभीरता से लिया गया है।

राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष महोदया ने कहा कि नाबालिग बालिका को भट्टी में जलाये जाने की घटना घोर निंदनीय है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आयोग द्वारा आयोग सदस्य की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी का गठन कर आज ही विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के संबंध में कमेटी को निर्देशित किया है।

संवेदनशील घटना की पूर्ण जांच कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही करवाकर तथ्यात्मक रिपोर्ट आज ही आयोग कार्यालय को प्रेषित करने बाबत् अति. महानिदेशक (सिविल राईट्स) एवं जिला पुलिस अधीक्षक, भीलवाड़ा को पत्र लिखा गया है साथ ही जिला पुलिस अधीक्षक, भीलवाड़ा से फोन पर वार्ता कर प्रकरण की सम्पूर्ण जानकारी लेकर अभियोग में शामिल आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने हेतु कहा गया।

आयोग द्वारा पुलिस को निर्देशित किया गया है कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल रिपोर्ट, डीएनए जांच इत्यादि अतिशीघ्र करवाकर समय पर चालान माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाये। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा को प्रकरण में नियमानुसार परिजनों को आर्थिक सहायता के संबंध में पत्र प्रेषित किया गया।

श्रीमती संगीता बेनीवाल ने बताया कि राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग बाल अपराधों को लेकर गंभीर है तथा बालकों के अधिकारों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है। भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इस हेतु आयोग सदैव प्रयासरत है।

उपसचिव
राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग राजस्थान, जयपुर।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!