मनुष्य अक्सर सुनी सुनाई बातों पर यकीन कर लेता है लेकिन उसकी प्रामाणिकता जांचने का प्रयास तक नहीं करता:सुकनमुनि

उदयपुर। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रमण संघ की ओर से पंचायती नोहरे में आयोजित धर्मसभा में बोलते हुए श्रमण संघीय प्रवर्तक सुकन मुनि महाराज ने कहा कि मनुष्य का संसार में भटकने का कारण है क्रोध कषाय मान माया और लोभ है। जब तक वह इन से छुटकारा नहीं पा लेता है संसार में उसका परिभ्रमण चलता ही रहता है।
भगवान महावीर और उनकी वाणी में हमें जो आत्म कल्याण का मार्ग बताया है अगर उसे श्रवण करके जीवन में उतर लें तो हम इन सब कषायों से बच सकते हैं और हम हमारी आत्मा का कल्याण कर सकते हैं, अगर जीवन में अच्छे भाव होंगे तो हमारे विचार भी अच्छे होंगे। मनुष्य अक्सर सुनी सुनाई बातों पर यकीन कर लेता है जबकि उसकी प्रामाणिकता जांच करने का प्रयास तक नहीं करता है। यही कारण है कि जितने भी कषाय हमारे मन में उत्पन्न होते हैं इसका कारण ही यही है कि हम सुनी सुनाई बातों पर यकीन कर लेते हैं। जो शब्द हमारे कानों में पडते हैं उनकी सच्चाई जांचना जरूरी है। कई बार कानों से सुनी बातें भी सच नहीं होती है।
धर्म सभा में डॉ. वरुण मुनि ने कहा कि हमेशा समय के अनुकूलता के आधार पर बांतों को बोलना चाहिए। जीवन में सुनने के लिए कान महत्वपूर्ण होते हैं लेकिन कई बार कान कई समस्याओं की जड़ भी बन जाते हैं। जीवन में सबसे सुखी वही माना जाता है जिसे सुनाई नहीं देता है। जो कम सुनते हैं वह भी सुखी माने जाते हैं लेकिन जो सुनने वाले लोग हैं वह अच्छी और बुरी बातें दोनों सुनते हैं। ज्यादातर उनका ध्यान बिना काम की बातों पर जाता है और वही बातें क्रोध और आपसी झगड़े का कारण बनती है। इसलिए जीवन में बिना सच जान किसी भी बात पर यकीन नहीं करना चाहिए।
धर्म सभा में उदयपुर शहर से भाजपा प्रत्याशी ताराचंद जैन भी सुकुन मुनि से आशीर्वाद लेने पहुंचे। इस अवसर पर सुकनमुनि ने कहा कि राजनीति सेवा का माध्यम है। इसमें जो सेवा कार्य करता है वही आगे बढ़ता है। ताराचंद जैन ने कहा कि पार्टी के आदेश से वह चुनाव लड़ रहे हैं। समाज सेवा उनका मिशन है।
महामंत्री एडवोकेट रोशन लाल जैन एवं मंत्री दिनेश हिंगड़ ने बताया कि चातुर्मास अब अपने अंतिम चरण में है। नवकार महामंत्र के आराधना घर-घर में चल रही है। चातुर्मास में जो भी हमने धर्म लाभ लिया है और ले रहे हैं इससे हमारे जीवन का कल्याण निश्चित है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!