—अशोकनगर मोक्षधाम में 51 अस्थि कलशों का किया विधि-विधान से पूजन
उदयपुर। इंसान की असली पहचान उसके संस्कारों से होती है, लेकिन जब किसी के अपने ही न हों, तो यह सम्मान भी अधूरा रह जाता है। ऐसे ही लावारिस और असहाय लोगों के लिए महाराणा प्रताप सेना मानवता का एक सशक्त उदाहरण बनकर सामने आई है। संस्था उन अज्ञात शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार करती है, जिनकी पहचान नहीं हो पाती और जिन्हें समाज अक्सर अनदेखा कर देता है। सड़क किनारे, अस्पतालों या अन्य स्थानों पर मिले ऐसे शवों को संस्था के कार्यकर्ता विधिवत अपने संरक्षण में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हैं और हिन्दू रीति-रिवाजों से अंतिम संस्कार करते हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को अशोक नगर स्थित मोक्षधाम के मुख्य द्वार पर 51 लावारिस एवं असहाय शवों की अस्थियों का वेद मंत्रों के साथ विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद अस्थि कलश लेकर महाराणा प्रताप सेना के कार्यकर्ता हरिद्वार के लिए रवाना हुए।
संस्था के जिला प्रचार-प्रसार प्रभारी राजेश सोनी ने बताया कि 4 अप्रैल शनिवार प्रातः हरिद्वार स्थित पवित्र गंगा में 51 अस्थि कलशों का विधिवत विसर्जन किया जाएगा।
इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इनमें उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, मांगीलाल जोशी, प्रमोद सामर, पारस सिंघवी, महाराज नारायण दास वैष्णव, पिंकी माडावत, कमलेन्द्र सिंह पंवार, राजकुमार फतावत, सहित अनेक अतिथियों ने अस्थि कलशों का पूजन कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा हवन में पूर्णाहुति दी। साथ ही दिवंगत आत्माओं की शांति एवं मोक्ष के लिए प्रार्थना की गई।
अतिथियों ने संस्था द्वारा किए जा रहे इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। संस्था के कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे यह सेवा किसी पहचान या प्रसिद्धि के लिए नहीं, बल्कि मानवता के कर्तव्य के रूप में करते हैं। उनका मानना है कि जिस समाज में लावारिसों का भी सम्मान होता है, वही सच्चा और संवेदनशील समाज होता है।
इस अवसर पर संस्था के संस्थापक मोहन सिंह राठौड़, कान सिंह राणावत, अमित पोरवाल, भरत साहू, अरुण शर्मा, दीपलाल मेनारिया, प्रमोद सिंह राव, चंद्रवीर सिंह राठौड़, पुष्कर लोहार, विजय गोधा, गोपाल कनेरिया, दीपक जैन, राकेश जैन, प्रकाश प्रजापत, निर्मल बापना,पुष्कर वैष्णव, पुष्कर लोहार, रणजीत सिंह राठौड़, गोपाल लाल, किशन जोगी, पुष्कर गमेती, ओम प्रकाश सेन सहित कई कार्यकर्ता इस अवसर पर उपस्थित रहे।
अस्थियों के विसर्जन के लिए महाराणा प्रताप सेना हरिद्वार के लिए रवाना
