जनगणना 2027 के प्रति छात्र एवं छात्राओं को किया जागरूक

“सही जनगणना से ही मजबूत होगी विकास योजनाओं की नींव”
कोटा, 14 मई। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो क्षेत्रीय कार्यालय कोटा द्वारा आज गुरुवार को मां भारती शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान, विवेकानंद नगर, कोटा में “जनगणना 2027 : जागरूक नागरिक, सशक्त भारत” विषय पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीएड एवं एसटीसी के छात्र एवं छात्राओं को जनगणना के महत्व, उसकी प्रक्रिया तथा नागरिक सहभागिता की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान की प्राचार्य श्रीमती कंचन गोयल ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के समावेशी विकास का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि सटीक जनगणना से ही सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को सही दिशा देने में सहायता मिलती है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित छात्र एवं छात्राओं से अपने-अपने  क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने तथा जनगणना कर्मियों को पूर्ण सहयोग देने का आह्वान किया।
प्रारंभ में केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय कोटा के तकनीकी सहायक प्रेम सिंह यादव ने कहा कि वर्तमान समय में सटीक एवं विश्वसनीय जनगणना देश की विकास नीतियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जनगणना के आंकड़े ही सरकार को विभिन्न वर्गों की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने और योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद करते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से जनगणना कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान छात्र एवं छात्राओं के के बीच मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिनेश शर्मा, नीतीश कुमार गौतम, शुभम चंदेल एवं रांची मेहता को विभाग की ओर से पुरस्कार  देकर सम्मानित किया गया।
———-

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!