उदयपुर। बिजनेस नेटवर्किंग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के उद्देश्य से बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) के अल्फा चैप्टर और बीसीआई एजुकेशनल विंग की जॉइंट ऑफिशियल मीटिंग हॉवर्ड जॉनसन होटल में सफलतापूर्वक आयोजित हुई। शाम 6 बजे से शुरू हुए इस आयोजन में शहर के उद्यमी, प्रोफेशनल्स और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े अनेक सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बीसीआई के फाउंडर एंड चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि बीसीआई का उद्देश्य केवल नेटवर्किंग तक सीमित नहीं है, बल्कि विभिन्न सेक्टर्स के बीच मजबूत तालमेल स्थापित कर नए अवसरों का सृजन करना है। यह जॉइंट मीटिंग उसी सोच का परिणाम है, जहां बिजनेस और एजुकेशन सेक्टर के प्रतिनिधियों ने एक-दूसरे के अनुभवों को साझा करते हुए सहयोग के नए आयाम तलाशे।
बीसीआई एजुकेशनल विंग की प्रेसीडेंट डॉ. अलका शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के प्लेटफॉर्म से शिक्षा क्षेत्र के प्रोफेशनल्स को इंडस्ट्री के साथ सीधे जुड़ने का अवसर मिलता है, जिससे संस्थानों और छात्रों दोनों को लाभ पहुंचता है।
वहीं, बीसीआई अल्फा के प्रेसीडेंट देवेन्द्र सिंह करीर ने बताया कि इस मीटिंग के माध्यम से मेंबर्स को अपने बिजनेस और सेवाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का सशक्त मंच मिला। मीटिंग में देवेन्द्र सिंह करीर ने बीसीआई अल्फा की क्वार्टर रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिसमें उन्होंने ग्रेट गिवर, रिक्गनिशन ऑफ एक्सीलेंस के बारे में बताया और विजेताओं की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस क्वार्टर बीसीआई अल्फा ने डेढ़ करोड़ से अधिक का बिजनेस किया है।
इस अवसर पर रिक्गनिशन ऑफ एक्सीलेंस के अंतर्गत जीवन सिंह सोलंकी और पियूष कोठारी को अवॉर्ड प्रदान किए गए। वहीं ग्रेट गिवर अवॉर्ड में प्रथम स्थान ऐकार्थ पुरोहित , द्वितीय स्थान जीवन सिंह सोलंकी और तृतीय स्थान रतन सिंह सोलंकी एवं पियूष कोठारी को मिला।
बीसीआई एजुकेशन सेक्रेटरी पूनम राठौड़ ने सीपीएस स्कूल की विभिन्न शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाओं, विशेष रूप से हॉस्टल व्यवस्था, का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने कहा कि बीसीआई जैसे सशक्त नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से शैक्षणिक संस्थानों को अपनी सेवाओं और गुणवत्ता को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने का प्रभावी अवसर प्राप्त होता है, जिससे संस्थान, विद्यार्थी और अभिभावक—सभी को लाभ मिलता है।
आस्क एंड गिव फॉर्मूला पर दिया इंट्रोडक्शन : कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने आस्क एंड गिव फॉर्मूला के तहत अपना-अपना परिचय दिया। अल्फा एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसीडेंट एवं फोटोकेयर उदयपुर के ओनर दिलीप बालचंदानी ने प्रभावशाली प्रेजेंटेशन दिया। मिर्रिख इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के लोकेश जोशी ने धोलेरा प्रोजेक्ट की जानकारी दी, वहीं पीएफसी एजुकेशन की मीनाक्षी भेरवानी ने अपने संस्थान के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम की विशेष आकर्षण बीसीआई अल्फा द्वारा शुरू की गई ‘बीसीआई बिजनेस सेतु’ पहल रही। जिसे सभी सदस्यों ने काफी सराहा। बीसीआई बिजनेस सेतु के तहत हर माह ओपन मीटिंग आयोजित की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना और बिजनेस के नए अवसरों को बढ़ावा देना है, जिसमें नॉन-मेंबर्स भी भाग ले सकेंगे।
कार्यक्रम में फिल्म डायरेक्टर, राइटर और एडिटर कृष्ण कांत पंड्या तथा अनुभवी एस्ट्रोलॉजर हेमंत मेनारिया बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। कृष्ण कांत पंड्या ने अपने फिल्मी करियर के अनुभव साझा करते हुए सफलता के लिए निरंतर सीखने और नेटवर्किंग की महत्ता पर प्रकाश डाला। वहीं हेमंत मेनारिया ने अपने अनुभव साझा करते हुए जीवन और व्यवसाय में संतुलन एवं सही दिशा के महत्व को रेखांकित किया।
