आयुष्मान योजना में प्रगति और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढाये चिकित्सक-संयुक्त निदेशक डा. जोधा
भीलवाडा, 04 फरवरी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने, अस्पतालों में व्यवस्थाओं को सुधारने तथा राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को संयुक्त निदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं (जोन अजमेर) डॉ. सम्पत सिंह जोधा ने जहाजपुर एवं माण्डलगढ़ स्थित उप जिला चिकित्सालयों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा वार्डों सहित अस्पताल की सभी विंग्स का अवलोकन कर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए।
विश्व कैंसर दिवस पर एनसीडी क्लीनिक का निरीक्षण
संयुक्त निदेशक डॉ. जोधा ने उप जिला चिकित्सालय जहाजपुर में संचालित एनसीडी क्लीनिक में विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर आयोजित स्क्रीनिंग एवं जन जागरूकता शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान, नियमित जांच और जन जागरूकता को अत्यंत आवश्यक बताते हुए संबंधित अधिकारियों को शिविरों को निरंतर आयोजित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में संचालित निःशुल्क दवा योजना एवं निःशुल्क जांच योजना की विस्तृत समीक्षा की गई। संयुक्त निदेशक ने निर्देश दिए कि किसी भी पात्र मरीज को योजनाओं के लाभ से वंचित न रखा जाए तथा दवा एवं जांच सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
आयुष्मान आरोग्य योजना में अधिकाधिक क्लेम बुक करने के निर्देश
संयुक्त निदेशक ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के अंतर्गत अधिकाधिक क्लेम बुक कर योजना का अधिकतम लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने गत वर्ष एवं चालू माह में बुक किए गए प्रकरणों की जानकारी ली तथा मा योजना में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। साथ ही आगामी माह से सभी चिकित्सा संस्थानों से प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से जोन स्तर पर भिजवाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयोजित बैठक में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. नईम अख्तर, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भागीरथ मीणा सहित चिकित्सकों एवं नर्सिंग अधिकारियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार, समयबद्ध उपचार, रिकॉर्ड संधारण एवं योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
माण्डलगढ़ उप जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा
इसके पश्चात संयुक्त निदेशक डॉ. जोधा ने माण्डलगढ़ उप जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डों की साफ-सफाई, स्टोर व्यवस्था एवं अन्य विंग्स की स्थिति का अवलोकन कर चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों में प्रगति की जानकारी लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर क्रियान्वयन कर लक्ष्य अर्जित करने के निर्देश चिकित्सकों को दिये। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
इस दौरान प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष पुरोहित, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल यादव सहित चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कार्मिक उपस्थित रहे।
