योग नगरी बनेगी झीलों की नगरी, गांधी ग्राउण्ड में होगा मुख्य आयोजन
गांधी ग्राउण्ड में हुआ अंतिम पूर्वाभ्यास, तैयारियों की समीक्षा
उदयपुर, 20 जून। 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस शनिवार को एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग थीम के साथ मनाया जाएगा। इसमें निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत योगाभ्यास किया जाएगा। उदयपुर में जिला कलक्टर नमित मेहता के निर्देशन और नोडल अधिकारी एडीएम सिटी वारसिंह के नेतृत्व में तैयारियों को अंतिम रूप दिया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम गांधी ग्राउण्ड में आयोजित होगा। इसके लिए शुक्रवार को अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। वहीं दोपहर में कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को जिला, ब्लॉक व ग्राम पंचायत स्तर पर योग प्रोटोकॉल के कार्यक्रम होंगे। इसके लिए सभी स्तर पर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। शुक्रवार सुबह गांधी ग्राउण्ड में एडीएम सिटी वारसिंह के नेतृत्व में प्रोटोकॉल का अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। इसमें बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों, पुलिसकर्मियों, सामाजिक संगठनों एवं अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दोपहर 12 बजे कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई। इसमें 21 जून को गांधी ग्राउण्ड में होने वाले मुख्य कार्यक्रम को लेकर पेयजल, छाया, प्राथमिक चिकित्सा, पार्किंग और सुरक्षा जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया गया। बैठक में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश, उपनिदेशक आयुर्वेद व नोडल अधिकारी डॉ राजीव भट्ट, सहायक नोडल अधिकारी डॉ शोभालाल औदिच्य सहित सभी संबंधित अधिकारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।