सुकूनदायी साबित हो रहे हैं उदयपुर के महंगाई कैंप

जिले में महंगाई राहत कैम्प अब तक 5 लाख 34 हजार पंजीकरण
उदयपुर, 28 अप्रेल। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की पहल पर आमजन को महंगाई से राहत देने के लिए आयोजित किए जा रहे महंगाई राहत कैंप को लेकर में भारी उत्साह है। ये शिविर सुकूनदायी साबित हो रहे है। इन शिविरों में आमजन रुचि ले रहे हैं तथा भारी भीड़ उमड़ रही है। महंगाई राहत कैम्पों के अन्तर्गत गुरुवार शाम तक जिले में 5 लाख 34 हजार 323 लाभार्थियों ने पंजीयन करवाया।
जिला कलक्टर ताराचंद मीणा ने बताया कि जिले में महंगाई राहत कैम्पों का 24 अप्रैल से 30 जून तक आयोजन किया जा रहा है। जिले में 80 स्थायी एवं 27 अस्थायी महंगाई राहत कैंप लगाए गए हैं।
कैंप में अब तक 5 लाख 34 हजार 323 लाभार्थियों ने पंजीयन कराया है। ग्रामीण क्षेत्रों में 4 लाख 57 हजार 326 तथा शहरी क्षेत्रों में 76 हजार 997 व्यक्तियों द्वारा राज्य सरकार की महंगाई से राहत देने वाली दस जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पंजीयन करवाया गया। मीणा ने बताया कि सभी लाभार्थियों को शिविर प्रभारियों द्वारा लाभार्थी गारंटी कार्ड का वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि परिवार का कोई भी सदस्य इन दस जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए रजिस्ट्रेशन करवा सकता है।
इन योजनाओं में लाभार्थियों ने प्राप्त किया लाभ:
कलक्टर मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा के लिए अब तक 93 हजार 988 लाभार्थियों, मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा के लिए अब तक 93988 लाभार्थियों, इंदिरा गांधी गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना के लिए 51067 लाभार्थियों, मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना के लिए 72813 लाभार्थियों, मुख्यमंत्री निशुल्क कृषि बिजली योजना के लिए 6250 लाभार्थियों, अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना के लिए 84241 लाभार्थियों, मुख्यमंत्री कामधेनु बीमा योजना के लिए 44900 लाभार्थियों, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लिए 39385 लाभार्थियों, मुख्यमंत्री ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के लिए 43690 लाभार्थियों, इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के लिए 4001 लाभार्थियों का पंजीयन किया गया, साथ ही इन्हें गारंटी कार्ड वितरित किए गए।
उदयपुर जिले में महंगाई राहत कैंप 30 जून तक निरंतर कार्य कर रहे हैं। आम जन इन स्थायी कैंप में जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।

कलक्टर ने नान्दवेल तो एडीएम ने नवागांव शिविर का लिया जायजा
राज्य सरकार के निर्देशानुसार उदयपुर जिले में महंगाई राहत कैंप तथा प्रशासन गांवों एवं शहरों के संग अभियान शिविरों के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला कलक्टर ताराचंद मीणा द्वारा लगातार प्रभावी मॉनिटरिंग की जा रही है। शुक्रवार को जिला कलक्टर ताराचंद मीणा मावली पंचायत समिति के नान्दवेल गांव पहंुचे और आयोजित महंगाई राहत कैंप का जायजा लेते हुए लाभार्थियों से संवाद किया।
अधिकारियों को दिए निर्देश
कैंप स्थल पर कैंप प्रभारी एवं अन्य अधिकारियों से शिविर की प्रगति की जानकारी लेते हुए और व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा करते हुए हर आशार्थी को राहत प्रदान करने के निर्देश दिये। कलक्टर ने यह भी कहा कि आगामी शिविरों के बारे में भी जानकारी शिविर स्थल पर दी जाये ताकि लोग जागरूक होकर सरकार के इस कार्यक्रम का लाभ उठा सके।
ग्रामीणों को किया जागरूक
शिविर स्थल पर ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कलक्टर ने कहा कि सरकार ने आपकी सुविधा के लिए यह अभियान चलाया है। आपको घर बैठे सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है, ऐसे में सभी जागरूक होकर इस कार्यक्रम का लाभ उठाएं। इस दौरान कलक्टर ने पात्रजनों को विभिन्न योजनाओं के तहत मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड प्रदान किए।
एडीएम ने नयागांव शिविर का किया अवलोकन
इधर अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) ओ.पी.बुनकर ने नयागांव में आयोजित महंगाई राहत कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने कैंप प्रभारी सहित उपस्थित अधिकारियों से चर्चा की और शिविर की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। एडीएम बुनकर ने कैंप स्थल पर लगी विभिन्न स्टॉल्स का निरीक्षण किया और दी जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राज्य सरकार के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में हर जरूरतमंद को लाभ मिले, इसके लिए प्रभावी प्रयास करें। उन्होंने ग्रामीणों को जागरूक करने की बात कही और शिविर स्थल पर विभिन्न लाभार्थियों को मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड सौंपें। इस अवसर पर मौजूद नयागांव एसडीएम विजयेश पंड्या ने क्षेत्र में आयोजित शिविरों की प्रगति की जानकारी दी।
रविवार को नहीं लगेंगे महंगाई राहत कैंप
राज्य सरकार द्वारा आयोजित जिले में महंगाई राहत कैंप तथा प्रशासन गांवों एवं शहरों के संग का आयोजन रविवार को नहीं होगा। यह जानकारी एडीएम प्रशासन ओ.पी.बुनकर ने दी।

नौ योजनाओं का मिला लाभ, मुस्कुरा कर गोती ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा प्रदेश में शुरू किए गए महंगाई राहत कैंप आमजन के लिए बड़ी राहत लेकर आए हैं। इन कैंपों में आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुलभ हुआ है और लाभार्थी राज्य सरकार का आभार भी व्यक्त कर रहे हैं।
उदयपुर जिले के लासाडि़या पंचायत समिति क्षेत्र के खजूरी ग्राम पंचायत में आयोजित महंगाई राहत कैंप में एक वृद्ध कृषक गोती मीणा इस उम्मीद से पहुँचा कि उसे भी किसी न किसी योजना का लाभ मिल जाएगा। वह गद्गद् तो तब हो गया जब उसे पता चला कि वह तो ग्रामीण क्षेत्र के निवासियों हेतु संचालित सभी नौ की नौ योजनाओं के लिए पात्र है। बस फिर क्या था…यहाँ कार्मिक ने उसके दस्तावेज़ लिए और हाथों-हाथ नौ योजनाओं में पंजीयन कर दिया। पंजीयन के बाद उसे मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के हाथों हस्ताक्षरित हर योजना का गारंटी कार्ड भी दिया जिसे वह सुरक्षित अपने घर ले गया। गोती ने कहा कि वह इस महंगाई राहत कैंप के लिए मुख्यमंत्री का आभारी है क्योंकि यहाँ योजनाओं का लाभ मिलना आसान हुआ है। गोती ने कहा कि वह घर जाकर आस-पड़ोस के लोगों को भी यहाँ आने और लाभ उठाने के लिए प्रेरित करेगा।
गोती ने बताया कि यहाँ उसे मुख्यमंत्री निशुल्क अन्नपूर्णा फुड पैकेट, मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना घरेलू, मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना कृषि, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुघर्टना बीमा योजना, इंदिरा गांधी गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना, मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री कामधेनु बीमा योजना का लाभ मिला है।

नांदवेल की गमेरी बोली-अफसर की बोली से पता चला आठ योजनाओं का मिला लाभ
महंगाई राहत कैंपों में शुरुआत से ही आमजन का हुजूम उमड़ रहा है। लोग विभिन्न प्रकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए कैंपों में पहुँच रहे हैं एवं संतुष्ट होकर घर लौट रहे हैं। इधर अधिकारी भी इस अभियान को सफल बनाने में जी-जान से जुटे हुए हैं। मावली उपखंड अधिकारी श्रीकांत व्यास का एक वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर छाया रहा जिसमें वह एक ग्रामीण महिला लाभार्थी से स्थानीय बोली में बात करते एवं योजनाओं की जानकारी देते नजर आ रहे हैं।
यह लाभार्थी महिला गमेरी बाई गमेती है और यह योजनाओं का लाभ लेने मावली के नांदवेल ग्राम में आयोजित महंगाई राहत कैंप में आई थी। यहाँ एक नहीं बल्कि आठ योजनाओं में इनका पंजीयन हुआ और फिर इन्हें लाभार्थी गारंटी कार्ड दिया। इसके पश्चात उपखंड अधिकारी श्रीकांत व्यास ने ग्रामीण महिला से कैंप में मिले लाभ की जानकारी ली। इस दौरान दोनों के मध्य मेवाड़ी बोली में वार्तालाप हुआ तो गमेरी भी अफसर को मेवाड़ी बोलते सुन चौंक गई। उसने कहा कि अफसर की बोली से उसे समझ में आया कि उसे आठ योजनाओं का लाभ मिला है।
महिला ने व्यास को कैंप में दिए लाभ के लिए सरकार का आभार जताया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!