देवला गांव मे विधवा से बेरहमी से मारपीट, बाल पकड़कर घसीटा

आरोपियों में चार जनों को पकड़ा, एक नाबालिग, अफेयर की शंका पर की घटना
मां को पिटता देख मासूम बिलखता रहा, लोग वीडियो बनाते रहे
उदयपुर, 01 जुलाई (ब्यूरो)। जिले के आदिवासी क्षेत्र बेकरिया के देवला गांव में एक विधवा महिला की बर्बर तरीके से पिटाई तथा बाल पकड़कर घसीटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें दर्जन भर महिलाएं विधवा की चप्पल और लात-घूंसों से बुरी तरह घसीटते हुए पीट रही हैं। वहीं पीड़िता का करीब 5 साल का मासूम बेटा अपनी मां को पिटते हुए देख रो-रोकर बिलखने रहा है। तमाशबीन लोगों में से कुछ इस घटना का वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं पर किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों में तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक के नाबालिग होने पर उसे डिटेन किया गया। इधर, जिला कलक्टर ताराचंद मीणा तथा पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव घटनास्थल पहुंचे तथा पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए उदयपुर लेकर आए। बताया गया कि पीड़िता को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई है। उसको सरकारी सहायता तथा रहने के साथ सुरक्षा प्रदान की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार घटना 29 जून गुरुवार की बताई जा रही है, जिसका वीडियो घटना के दो दिन बाद अब सामने आया है। मामले को लेकर उदयपुर के पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव ने केस दर्ज करने के आदेश देते हुए बेकरिया थाना पुलिस की टीम को मौके पर भेजा। उन्होंने बताया कि महिला के साथ मारपीट को लेकर कोटड़ा के बेकरिया थाने में मामला दर्ज कर लिया है। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा अन्य आरोपियों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल जांच की जा रही है कि महिला के साथ किस-किस ने मारपीट की। उन्होंने बताया कि जिसके मारपीट की गई, उसके पति की करीब सालभर पहले मृत्यु हो चुकी थी। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि मारपीट करने वाली एक महिला कां शंका थी कि उसके पति का पीड़िता से प्रेम संबंध है। जिसको लेकर यह घटना हुई। पीड़िता तथा मारपीट करने वाले दोनों ही पक्ष एक-दूसरे के रिश्तेदार हैं।
बेकरिया थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि मारपीट के मामले में मुख्य आरोपी महिला रमीबाई पत्नी मुकेश गरासिया (24), महिला की भाभी रेशमी पत्नी विनोद गरासिया(24) और विनोद कुमार गरासिया (25) को गिरफ्तार किया है। ये सभी पाली के रहने वाले हैं। जबकि एक आरोपी को डिटेन किया है।
अन्य आरोपी घर छोड़कर भागे
घटना के बाद अन्य आरोपी अपने घर छोड़कर भाग निकले। उनकी पहचान कर ली गई है लेकिन जब तक वह पकड़े नहीं जाते तब तक उनके नामों का खुलासा नहीं किया जा सकता।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!