– पहले सामूहिक विवाह की ऐतिहासिक सफलता के बाद समाज की मांग पर लिया गया निर्णय
– हाथीपोल ठाकुरजी मंदिर से निकलेगी दूल्हा-दुल्हन की बारात
उदयपुर, 18 जुलाई। श्री खटीक समाज राष्ट्रीय एकता मंच ने समाज हित में एक और महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए आगामी बसंत पंचमी पर दूसरे निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन के आयोजन की घोषणा की है। मंच के पहले निशुल्क सामूहिक विवाह की अभूतपूर्व सफलता और समाज से मिली सराहना के बाद लगातार दूसरे सामूहिक विवाह की मांग उठ रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए मंच की कोर कमेटी एवं पदाधिकारियों की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक शंकरलाल खटीक की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समाज के विभिन्न पदाधिकारियों एवं कोर कमेटी सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि समाज के अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से इस बार भी निशुल्क सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष शंकरलाल खटीक ने बताया कि इस बार का आयोजन पहले से भी अधिक भव्य और सुव्यवस्थित होगा। विवाह समारोह सभी धार्मिक रीति-रिवाजों एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जाएगा। सामूहिक विवाह की शुरुआत हाथीपोल स्थित ठाकुर जी मंदिर से होगी, जहां से दूल्हा-दुल्हनों की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए टाउन हॉल नगर निगम परिसर पहुंचेगी, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी वैवाहिक रस्में एवं फेरे संपन्न होंगे।
बैठक में राष्ट्रीय महासचिव चंद्रप्रकाश चौहान, राष्ट्रीय सचिव रतन खींची, राजेश बागड़ी, मोहन डीडवानिया, प्यारजी सायरा, कालूलाल बावला, राजीव राजू भाई चंदेरिया, राजसमंद जिला अध्यक्ष दुर्गाशंकर, भेरूलाल, बद्रीलाल देलवाड़ा, सोहन खटीक ओगणा, शंकर चावला (गोगुंदा), नरेश चावला, रोहित खटीक, दिनेश खटीक, सुनील खटीक पलाना, रतन खींची नाहरमगरा, नरेन्द्र चौहान पहाड़ा, रमेश बंसीवाल, नरेश दायमा, राजाराम चौहान, धर्मेंद्र चौहान, कुलदीप दायमा, करण दायमा, दिलीप तंवर, राजसमंद युवा जिला अध्यक्ष रवि डीडवान सहित कोर कमेटी के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।
दूसरे निशुल्क सामूहिक विवाह की घोषणा के साथ ही समाज में उत्साह और खुशी का माहौल है। समाजजनों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे सामाजिक एकता, सहयोग और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। मंच के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि समाज के सभी वर्गों के सहयोग से यह आयोजन पिछले आयोजन से भी अधिक सफल और ऐतिहासिक बनेगा।
खटीक समाज राष्ट्रीय एकता मंच का ऐतिहासिक निर्णय, बसंत पंचमी पर होगा दूसरा निशुल्क सामूहिक विवाह
