घरेलु हिंसा के मामले में एसीजेएम—2 में 13 जनवरी 23 तथा पारिवारिक न्यायालय में 20 जनवरी 23 को पेश होने के लिए जारी किए सम्मन
महिला थाने में होनी है कौन्सिलिंग, विक्रमादित्य सिंह ने मांगा समय
उदयपुर। हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस विधायक एवं बुशहर—शिमला राजघराने के सदस्य विक्रमादित्य सिंह, उनकी मां प्रतिभा सिंह, बहन अपराजिता तथा बहनोई अंगद सिंह को उदयपुर की दो अदालतों में पेश होने के सम्मन जारी किए गए हैं। विक्रमादित्य सिंह एवं अन्य सभी आरोपितों को बुधवार 14 दिसम्बर को उदयपुर की एसीजेएम 2 अदालत में पेश होना था लेकिन उनके उपस्थित नहीं होने एवं उनके वकील के अगली तारीख मांगे जाने पर अब उन्हें 13 जनवरी 23 को पेश होने के लिए कहा गया है। घरेलु हिंसा के अलावा पत्नी सुदर्शना की ओर से पारिवारिक न्यायालय में पेश भरण—पोषण के मामले में उन्हें 20 जनवरी को पेश होने के लिए निर्देशित किया गया है। जबकि महिला थाने में विक्रमादित्य सिंह की पत्नी सुदर्शना सिंह के प्रस्तुत परिवाद के मामले में विक्रमादित्य सिंह ने कौन्सिलिंग के लिए बुलाए जाने पर समय मांगा है।
विक्रमादित्य सिंह एवं उनके परिवार के सदस्यों की ओर से बुधवार को एसीजेएम 2 अदालत में उनके एडवोकेट दुर्गा सिंह शक्तावत पेश हुए और उन्होंने समय देने की मांग की। जिस पर एसीजेएम—2 ने उन्हें अगली तिथि 13 जनवरी 23 की दी है। वहीं पारिवारिक न्यायालय ने 20 जनवरी 23 को पेश होने के लिए कहा है।
सुदर्शना ने लगाया पिता वीरभद्र सिंह की मौत के बाद प्रताड़ित करने लगे परिजन
विक्रमादित्य सिंह की पत्नी सुदर्शना सिंह चूण्डावत की ओर से उनके वकील भंवर सिंह देवड़ा ने अदालत में पेश परिवाद में बताया कि पिता वीरभद्र सिंह की मौत के बाद उनके साथ पति विक्रमादित्य सिंह उसे प्रताड़ित करने लगे। इसमें उनकी सास प्रतिभा सिंह, ननद अपराजिता तथा ननदोई अंगद सिंह भी विक्रमादित्य का साथ देती थी।
पत्नी सुदर्शना ने आरोप लगाया कि पति विक्रमादित्य उसे उपेक्षित कर चंडीगढ़ की युवती को रखते हैं साथ
विक्रमादित्य सिंह पर उनकी पत्नी सुदर्शना सिंह ने आरोप लगाया कि पिता की मौत के बाद वह उसकी उपेक्षा करने लगे। वह चंड़ीगढ़ की युवती के साथ रहने लगे तथा उसे पत्नी के रूप में ही बताने लगे थे। इसका उसने विरोध किया तो उसे प्रताड़ित करने लगे। उसे नीचा दिखाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाते रहे। जिस पर वह उदयपुर लौट आई और यहां एसीजेएम2 तथा पारिवारिक न्यायालय में अलग—अलग परिवाद पेश किए। घरेलु हिंसा का मामला एसीजेएम 2 में विचाराधीन है, जबकि भरण—पोषण भत्ता की मांग का मामला पारिवारिक न्यायालय में चल रहा है। उन्होंने यहां महिला थाने में भी विक्रमादित्य सिंह, सास प्रतिभा सिंह, ननद तथा ननदोई के खिलाफ परिवाद दिया है, जो फिलहाल विचाराधीन है। इस मामले में महिला थाना पुलिस ने कौन्सिलिंग के लिए विक्रमादित्य सिंह को बुलाया था लेकिन हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव में व्यस्त होने के चलते उन्होंने जनवरी माह में उदयपुर आने की जानकारी दी है।
आमेट की राजकुमारी सुदर्शना से हुई थी विक्रमादित्य सिंह की शादी
33 वर्षीय विक्रमादित्य सिंह हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे हैं। गत वर्ष 2021 में उनके पिता की मृत्यु के बाद विक्रमादित्य को बुशहर—शिमला का राजा बनाया गया था। वह फिलहाल शिमला ग्रामीण से कांग्रेस से विधायक हैं। उनकी शादी मेवाड़ के आमेट रियासत की राजकुमारी सुदर्शना सिंह चुण्डावत से 8 मार्च 2019 को जयपुर के कानोतागढ़ पैलेस में हुई थी। सुदर्शना सिंह का परिवार उदयपुर स्थित आमेट की हवेली में रहता है।
