9 से 17 अगस्त तक तिरंगामय होगा उदयपुर
उदयपुर, 6 अगस्त। राज्य सरकार ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 9 से 17 अगस्त 2026 तक प्रदेशभर में हर घर तिरंगा अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी संवेदनशील एवं गरिमापूर्ण तरीके से मनाया जाएगा। इस संबंध में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने सभी जिला कलेक्टरों, जिला परिषदों तथा संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशों के अनुसार, अभियान के दौरान जिला, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत स्तर पर तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी, साइकिल, ई-बाइक एवं ट्रैक्टर रैलियां, तिरंगा प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, तिरंगा थीम पर सजावट, विशाल तिरंगा रंगोली तथा जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष का अभियान वंदे मातरम् के 150 वर्ष को समर्पित रहेगा तथा विभिन्न कार्यक्रमों में सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन भी कराया जाएगा।
निर्देशों में सरकारी एवं निजी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को तिरंगे की रोशनी से सजाने, आमजन को घर-घर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने तथा रियायती दरों पर राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया है। अभियान के दौरान नागरिकों को सेल्फी विद तिरंगा पोर्टल पर अपनी सहभागिता दर्ज कराने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों में व्याख्यान, परिचर्चा, जागरूकता कार्यक्रम तथा राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज में विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान की दैनिक प्रगति की मॉनिटरिंग, फोटो एवं वीडियो अपलोड तथा सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। राज्य सरकार ने सभी विभागों, स्थानीय निकायों, पंचायत राज संस्थाओं एवं आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर होंगे विशेष कार्यक्रम
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विभाजन की पीड़ा और उससे प्रभावित परिवारों के संघर्ष को स्मरण करते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रम स्थलों पर विभाजन विषयक प्रदर्शनी, लघु फिल्मों का प्रदर्शन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, दो मिनट का मौन तथा विभाजन पीड़ित परिवारों एवं उनके प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने जारी किए निर्देश
हर घर तिरंगा अभियान के सुचारू और सफल आयोजन को लेकर जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने सभी संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसमें ग्रामीण विकास विभाग तथा नगरीय निकायों को ध्वज वितरण के लक्ष्य भी आवंटित किए गए हैं।
