15 से 17 अक्टूबर तक रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में थिरकेंगे कदम, प्रतिदिन शाम 6 से रात 10 बजे तक होगा आयोजन
उदयपुर। झीलों की नगरी में नवरात्रि के उल्लास और गरबा-डांडिया की धूम के बीच रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर की ओर से 15 से 17 अक्टूबर तक तीन दिवसीय भव्य ‘नवरात्रि महोत्सवदृ2026’ का आयोजन रानी रोड स्थित रोटरी बजाज भवन में किया जाएगा। महोत्सव में पारंपरिक गुजराती, हिन्दी एवं फिल्मी गीतों की धुनों पर शहरवासी गरबा और डांडिया का आनंद उठाएंगे। आयोजन प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक चलेगा।
क्लब अध्यक्ष रोटेरियन श्रीचन्द खतुरिया, कार्यक्रम संयोजक रोटेरियन डी.पी. धाकड़ एवं सचिव रोटेरियन दुष्यन्त सोमानी ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। आकर्षक साज-सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी और आधुनिक ध्वनि व्यवस्था के बीच प्रतिभागी पारंपरिक परिधानों में गरबा-डांडिया की प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन के मुख्य प्रायोजक पेसिफिक यूनिवर्सिटी एवं पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल हैं।
तीनों दिन अलग-अलग रंगों की वेशभूषा में नजर आएंगे प्रतिभागी
महोत्सव में प्रतिदिन विशेष रंगों की वेशभूषा निर्धारित की गई है। पहले दिन 15 अक्टूबर को केसरिया, दूसरे दिन 16 अक्टूबर को नीला तथा अंतिम दिन 17 अक्टूबर को लाल रंग की वेशभूषा में प्रतिभागी गरबा-डांडिया करेंगे। तीन दिनों के दौरान विभिन्न श्रेणियों में कुल 200 आकर्षक पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
प्रथम 500 आगंतुकों को मिलेगा प्रवेश, चाय-नाश्ते की रहेगी निःशुल्क व्यवस्था
आयोजकों ने बताया कि महोत्सव में पारंपरिक वेशभूषा में परिवार सहित प्रवेश की व्यवस्था रहेगी। प्रवेश केवल व्हाट्सएप आमंत्रण कार्ड के माध्यम से प्रथम 500 आगंतुकों को दिया जाएगा। सभी आगंतुकों के लिए निःशुल्क पेयजल, चाय एवं नाश्ते की व्यवस्था भी की गई है।
क्लब अध्यक्ष श्रीचन्द खतुरिया, संयोजक डी.पी. धाकड़ एवं सचिव दुष्यन्त सोमानी ने शहरवासियों से तीन दिवसीय नवरात्रि महोत्सव में सपरिवार भाग लेकर गरबा-डांडिया के रंग में रंगने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
रोटरी बजाज भवन में आज से सजेगी गरबा-डांडिया की महफिल, तीन दिवसीय नवरात्रि महोत्सव में बंटेंगे 200 आकर्षक पुरस्कार
