पिता और सौतले भाई ने विवाहिता बेटी का किया सौदा, दो लाख में बेचा

उदयपुर जिले के फलासिया क्षेत्र का मामला, दोनों आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

उदयपुर। जिले के फलासिया क्षेत्र में एक विवाहिता का उसके पिता और सौतेले भाई ने दो लाख रुपए में सौदा कर दिया। तीन महीने बाद खरीदार के चंगुल से निकली विवाहिता ने अपने मामा के साथ थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया। जिस पर फलासिया थाना पुलिस ने आरोपी पिता तथा भाई को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को अदालत में पेश दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। जबकि खरीदार के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसकी तलाशी शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने कुछ दिन पहले थानाधिकारी प्रभुलाल मीणा के समक्ष पेश होकर परिवाद पेश किया था। जिसमें उसने बताया कि बचपन में उसकी मां वरदी बाई की मौत हो गई थी। जिसके बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। उसकी सौतेली मां से तीन बेटे तथा एक बेटी हुई। 8 साल पहले पिता ने उसकी शादी उपली सिगरी निवासी युवक से जबरन कर दी। इससे उसके एक बेटा व बेटी हुई। पति के प्रताड़ित कराने पर वह पीहर लौट आई थी। तीन साल पहले उसकी दूसरी शादी देई माता में की थीं जिससे एक और बेटी हुई। दूसरा पति अन्य एक महिला को नाते से ले आया, जिसके बाद वह पीहर लौट आई थी।
तीन महीने तक रही बंधक, हर रोज खरीदार करता था दुष्कर्म
तीन महीने पहले उसके पिता और सौतेले भाई ने सिरोही जिले के ईश्वर नामक व्यक्ति से उसका सौदा दो लाख रुपए में कर दिया था। ईश्वर ने तीन महीने तक उसे अपने घर में बंधक बनाए रखा और हर दिन उसके साथ दुष्कर्म होता रहा। 9 दिन पहले मौका पाकर वह वहां से भाग निकली थी और सीधे अपने मामा के घर पहुंची, जो उसे थाने लेकर आया था। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पिता-बेटे को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!