फतहनगर। नगर में संचालित संघ शिक्षा वर्ग के अंतर्गत गुरुवार को स्वयंसेवकों द्वारा भव्य एवं अनुशासित पथ संचलन निकाला गया। इस दौरान पूरे शहर में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और एकता का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
शाम करीब 6:45 बजे विद्या निकेतन विद्यालय परिसर से पथ संचलन का शुभारंभ हुआ। पूर्ण गणवेश में सुसज्जित स्वयंसेवकों ने कदमताल करते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए अपने अनुशासन और संगठन शक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
यह संचलन प्रताप चौराहा, शिव मंदिर, दांत माता मंदिर, सरदार पटेल स्टेडियम, हिमाड़िया बावजी, चंगेड़ी रोड, पुराना बाजार, कॉलेज रोड, कृषि मंडी, रोडवेज बस स्टैंड, सब्जी मंडी, अस्पताल रोड, मैन चौराहा और नया बाजार सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर पुनः विद्या निकेतन पहुंचकर संपन्न हुआ।
पथ संचलन के दौरान नगरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया जिससे पूरे कार्यक्रम में अपनत्व और सहयोग की भावना झलकती रही।
इस संचलन में संघ शिक्षा वर्ग में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कॉलेज विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। युवाओं के जोश, अनुशासन और समर्पण ने नगरवासियों को विशेष रूप से प्रभावित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वयंसेवकों ने समाज में संगठन, सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति के संदेश को प्रभावी रूप से प्रसारित किया। यह पथ संचलन न केवल एक आयोजन था, बल्कि समाज को एकजुट करने और युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा भरने का सशक्त माध्यम भी बना।
