पर्यावरण संरक्षण की मिसालः अग्रवाल महासभा ने गोद लिया पंचवटी पार्क, बनेगा महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा सहित आधुनिक ग्रीन जोन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 6 अगस्त। सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा, जिला इकाई उदयपुर ने नगर निगम के अंतर्गत आने वाले पंचवटी स्थित पार्क को पांच वर्षों के लिए गोद लिया है। महासभा इस पार्क का व्यापक सौंदर्यीकरण कर इसे आधुनिक सुविधाओं, हरियाली और सामाजिक गतिविधियों से युक्त आदर्श सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करेगी।
जिला महामंत्री नरेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल के नेतृत्व में महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त से भेंट कर शहर के एक पार्क को गोद दिए जाने का अनुरोध किया था। इस संबंध में लिखित आवेदन प्रस्तुत किए जाने के बाद नगर निगम ने त्वरित कार्यवायी करते हुए कल 5 अगस्त 2026 को पंचवटी स्थित पार्क को पांच वर्षों के लिए महासभा को गोद देने के आदेश जारी कर दिए।
जिला अध्यक्ष सतीश कुमार अग्रवाल ने बताया कि पार्क में हरित विकास, आकर्षक लैंडस्केपिंग, आधुनिक बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता, उद्यानों का विस्तार और नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा, ताकि यह पार्क शहरवासियों के लिए प्रकृति, स्वास्थ्य और सामाजिक मेल-मिलाप का आदर्श केंद्र बन सके।
प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल ने कहा कि आगामी समय में पार्क परिसर में अग्रवाल समाज के आराध्य महाराजा अग्रसेन की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इससे यह स्थल केवल मनोरंजन का केंद्र ही नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और प्रेरणादायी गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र बनेगा।
पार्क के निरीक्षण के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल, जिला संरक्षक सत्यनारायण अग्रवाल एवं गोपाल अग्रवाल, जिला अध्यक्ष सतीश कुमार अग्रवाल, जिला महामंत्री नरेश कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद अग्रवाल, उपाध्यक्ष प्रेम अग्रवाल तथा सांस्कृतिक मंत्री मनीष अग्रवाल ने विकास कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की और पार्क को शहर का एक मॉडल ग्रीन पार्क बनाने का संकल्प दोहराया।
महासभा ने बताया कि इस पहल को सफल बनाने में अरविंद अग्रवाल एवं प्रेम अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। अंत में जिला संरक्षक गोपाल अग्रवाल ने नगर निगम आयुक्त एवं उद्यान शाखा के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहभागिता से शहर के सार्वजनिक स्थलों का संरक्षण और विकास अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!