आमजन को मतदान के प्रति प्रेरित करने के लिए स्वीप गतिविधियां जारी
उदयपुर, 3 अप्रेल। लोकसभा चुनाव 2024 के तहत अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद पोसवाल के निर्देशन में जिलेभर में स्वीप गतिविधियां जारी है। उदयपुर शहर के ईआरओ व एडीएम सिटी राजीव द्विवेदी ने बुधवार को जिला परिषद सभागार में न्यूनतम मतदान प्रतिशत वाले 20 बूथ के बीएलओ सुपरवाइजर एवं बेग सदस्यों की बैठक ली और इन बूथों पर मतदान प्रतिशत बढ़ाने की दिशा में प्रभावी योजना बनाने एवं अधिक से अधिक जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला मुख्य आयोजना अधिकारी पुनीत शर्मा, जिला कार्डिनेटर देवीलाल गर्ग, लच्छीराम गुर्जर, विनोद छापरवाल एवं बेग सदस्य उपस्थित रहे।
वहीं पंचायत समिति गिर्वा के सभागार में गिर्वा एसडीएम रिया डाबी के मार्गदर्शन में लो वाटर टर्न आउट बूथ एवं बूथ अवेयरनेस ग्रुप के सदस्यों की मीटिंग का आयोजन हुआ। एसडीएम रिया डाबी ने सभी बीएलओ, बूथ अवेयरनेस ग्रुप के सदस्यों को अपने अपने बूथवार योजना बनाने एवं समन्वय के द्वारा कार्य करने की हिदायत दी एवं वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने पर जोर दिया। इस अवसर पर स्वीप के पुनीत शर्मा सहित मनीष जोशी, विमल पछोला एवं सुनील सिंघवी आदि उपस्थित थे। अंत में एसडीएम ने उपस्थित सभी कर्मचारी एवं अधिकारियों को मतदान की शपथ दिलाई।
विधानसभा क्षेत्र वल्लभनगर के कुराबड क्षेत्र में राउमावि उंकार व परमदा गांव में मतदाता जागरूकता रैली निकाली। पंचायत समिति खेरवाड़ा की ग्राम पंचायत कारुआ में नरेगा साइट पर नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित किया। मावली विधानसभा के राउमावि डबोक, राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय डबोक, राउप्रावि ओरडी में स्वीप गतिविधियों में मतदान का महत्व बताया और मतदान की शपथ दिलाई। ब्लॉक बड़गांव के कविता स्थित राजीविका कार्यालय में मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन हुआ जिसमें जिला परियोजना प्रबंधक बृजमोहन गुप्ता ने सभी से मतदान अवश्य करने की अपील की और रंगोली के माध्यम से मतदान अवश्य करने के लिए प्रेरित किया गया। सहकारिता विभाग में स्वीप प्रकोष्ठ के देवीलाल गर्ग ने वोटर हेल्पलाइन एप, केवाईसी एप, सी विजिल एप आदि की जानकारी दी।
दिव्यांग मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में राजकीय बालक छात्रावास मावली में कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने दिव्यांग मतदाताओं को सुगम मतदान की जानकारी दी ।
ईआरओ ने ली बैठक, मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर दिया जोर
