उदयपुर, 5 अक्टूबर। पुरोहितों की मादड़ी रोड नंबर चार में सड़क पर अतिक्रमण के कारण क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि गाडोलिया लोहार के कुछ लोगों ने सड़क के दोनों ओर चबूतरे, बड़े-बड़े ओटले और टीनशेड बनाकर रास्ते की जगह घेर ली गई है। इससे करीब 30 फीट चौड़ी सड़क अब कई स्थानों पर महज 10 फीट तक रह गई है।
कॉलोनीवासी भरत कुमार शर्मा ने बताया कि सड़क के किनारे रहने वाले गाड़िया लोहार परिवारों द्वारा आवंटित भूमि के अतिरिक्त भी चबूतरे और ओटले बना लिए गए हैं। सडक़ पर ही भंगार का सामान खाली करने के साथ गाय, भैंस और बैल बांध दिए जाते हैं। इसके अलावा सड़क के दोनों ओर पिकअप वाहन, टेम्पो आदि खड़े रहने से आवागमन और अधिक बाधित हो जाता है। स्थिति यह है कि कई बार कॉलोनी वासियों को अपने घर तक कार ले जाने में भी परेशानी होती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर भंगार की तोड़फोड़ का काम किए जाने से भी रास्ता बाधित रहता है। कॉलोनी में आगे रहने वाले लोगों के घर यदि कोई मेहमान आता है तो उसे भी कई बार वाहन लेकर अंदर जाने में परेशानी होती है। आरोप है कि लोगों द्वारा रास्ता खाली करने के लिए कहने पर विवाद की स्थिति बन जाती है और मारपीट पर उतारू होने की स्थिति तक आ जाती है। कई बार बिजली के तार जलाकर उसमें से तांबा निकालते है जिससे पूरे क्षेत्र में जहरीले व दूषित धुएं से सांस लेने में भी लोगों को तकलीफ हो रही है।
गाली-गलोच कर मारपीट पर हो जाता है उतारू
क्षेत्रवासियों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित लोगों को समझाइश दी गई, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। अतिक्रमण से परेशान होकर निगम में कई बार शिकायत की लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। मुख्य रूप से उदयलाल गाडोलिया ने अतिक्रमण कर रखा है। उसे अतिक्रमण रोकने के लिए बोलने पर मारपीट पर उतारू हो जाता है व गाली-गलोच करने लग जाता है।
सडक़ पर बांध रहे मवेशी, आवागमन में हो रही है दिक्कत
स्थानीय निवासियों ने बताया कि सडक़ के किनारे करीब 10-10 फीट के चबूतरे और ओटले बनाए जाने से सडक़ की चौड़ाई लगातार कम होती गई। कुछ स्थानों पर टीनशेड लगाकर उनके नीचे गाय-भैंस बांधी जा रही हैं। इससे पैदल राहगीरों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग एवं नगर निगम प्रशासन से सडक़ की वास्तविक चौड़ाई की जांच कर अतिक्रमण हटाने, सडक़ को आवागमन के लिए सुचारु कराने तथा मवेशियों एवं वाहनों के कारण होने वाली बाधा को दूर करने की मांग की है।
