20 प्रतिष्ठित कंपनियां देंगी रोजगार, 3 हजार से अधिक पदों पर होगी भर्ती
उदयपुर 23 सितंबर। जिला रोजगार कार्यालय की ओर से राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय सुरजपोल के ग्राउंड में बुधवार 25 सितंबर को सुबह 9.30 बजे से एक दिवसीय रोजगार सहायता शिविर का आयोजन किया जाएगा। उप निदेशक संकेत मोदी ने बताया कि इस वृहद स्तरीय आयोजन को लेकर शिविर स्थल पर व्यापक तैयारियां की जा रही है। शिविर में 3 हजार से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। मोदी ने बताया कि शिविर में सिक्योर मीटर्स लिमिटेड, पी.आई इंडस्ट्रीज, रिलायंस केमोटेक्स लिमिटेड, उदयपुर सीमेंट वर्क्स लिमिटेड, रमाडा रिसोर्ट एण्ड स्पा, एचआरएचग्रुप ऑफ होटल्स, पीवीआर आईनॉक्स, एसआईएस सिक्योरिटी, बजाज एलाईन्ज आदि 20 कंपनियों द्वारा 3051 पदों पर भर्ती की जायेगी। शिविर में प्रशिक्षण एवं ऋण सबंधी योजनाओं की भी जानकारी दी जायेगी। इच्छुक आशार्थी अपने समस्त प्रमाण-पत्रों एवं पासपोर्ट साइज फोटो के साथ शिविर स्थल पर उपस्थित होकर लाभान्वित हो सकते है।
समाज कल्याण सप्ताह समारोह 1 अक्टूबर से
उदयपुर, 23 सितंबर। जिले में जिला प्रशासन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, अन्य संबंधित विभाग एवं स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा समाज कल्याण सप्ताह 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक मनाया जाएगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने बताया कि सप्ताह अंतर्गत 1 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस, 2 अक्टूबर को अनुसूचित जाति कल्याण दिवस, 3 अक्टूबर को अपराधी सुधार दिवस, 4 अक्टूबर को बाल कल्याण दिवस, 5 को महिला एवं बालिका कल्याण दिवस, 6 को जन चेतना दिवस तथा 7 अक्टूबर को निःशक्त कल्याण दिवस एवं समाज कल्याण सप्ताह का समापन समारोह मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस सप्ताह अंतर्गत शहर के प्रमुख स्थानों एवं विभागीय छात्रावास, गृहों व संबंधित कार्यालयों में सर्वधर्म प्रार्थना सभा, जागरूकता रैली, वरिष्ठजन, निःशक्तजन, जरूरतमंद, बंदियों, महिलाओं एवं बाल कल्याण पर आधारित कार्यक्रमों के साथ नशा मुक्ति व सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जनजागृति अभियान व सफाई अभियान चलाया जाएगा।
