नगरीय निकाय चुनाव – 2026
जिले में शहरी क्षेत्र के 190 वार्डों के लिए 521 प्रत्याशी
उदयपुर, 4 सितम्बर। नगर निकाय चुनाव – 2026 के तहत चल रही नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को चुनाव चिन्ह आवंटन के साथ पूर्ण हुई। अब दो चरणों में जिले के 6 नगर निकायों के लिए मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल एवं जिला पुलिस अधीक्षक डॉ अमृता दुहन के निर्देशन में निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
जिले में उदयपुर नगर निगम सहित 5 नगरपालिकाओं में कुल 190 वार्डों के लिए 521 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। शुक्रवार को सभी निकायों में संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों ने प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी करते हुए चुनाव चिन्ह आवंटित किए। उदयपुर नगर निगम में 80 वार्डों के लिए 220 प्रत्याशी, कानोड़ में 20 वार्डों के लिए 52, भीण्डर में 25 वार्डाे के लिए 58, मावली में 20 वार्डों में 59 प्रत्याशी, फतहनगर-सनवाड़ में 25 वार्डों में 65 तथा वल्लभनगर में 20 वार्डों के लिए 67 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
दो चरणों में होगा मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार उदयपुर जिले में नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान 2 चरणों में प्रस्तावित है। प्रथम चरण में 9 सितम्बर को नगरपालिका भीण्डर, वल्लभनगर और फतहनगर-सनवाड़ में मतदान होगा। वहीं द्वितीय चरण में 11 सितम्बर को नगर निगम उदयपुर, नगरपालिका कानोड़ और मावली में मतदान प्रस्तावित है।
