शिक्षक हितों, भारतीय संस्कृति एवं जनगणना ड्यूटी विषयों पर हुई शैक्षिक महासंघ खंड बड़गांव की संयुक्त बैठक बड़गांव।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की उपशाखा बड़गांव ‘अ’ एवं ‘ब’ की संयुक्त मासिक बैठक रविवार को नरबदेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षक हितों, संगठनात्मक गतिविधियों, शैक्षिक गुणवत्ता संवर्धन एवं समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
बैठक में मुख्य वक्ता श्री शिव लाल शर्मा, राकेश पालीवाल,बीना वैष्णव,पुष्पकांत व्यास आदि ने विचार व्यक्त किए और कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है तथा विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्रभावना का विकास करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। अमूल्य भारतीय संस्कृति के महत्त्व पर प्रकाश डाला, संयुक्त परिवार के लाभ व वसुधैव कटुम्बकम को चरितार्थ करने पर जोर दिया,बालक को परिवार द्वारा कैसे संस्कारित करें बताया गया, बालकों में सुनागरिक के गुण विकसित करने के लिए संस्कृति से तालमेल बना रहे इस पर जोर दिया गया,शिक्षकों से शिक्षा के साथ-साथ संस्कारयुक्त वातावरण निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
बैठक में गायत्री शक्तिपीठ से पधारे विशिष्ट अतिथि ओम प्रकाश जी दशोरा, प्रहलाद जी देवपुरा, अर्जुन लाल जी सनाढ्य, भारत सिंह चंद्रावत सा एवं मधुसूदन जी व्यास का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं ज्ञान परंपरा के संरक्षण और प्रसार पर विशेष बल देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि संस्कारित एवं चरित्रवान नागरिक तैयार करना भी है।
उपशाखा बड़गांव ‘ब’ के अध्यक्ष विजयराम जी औदिच्य ने प्रदेश स्तर पर शिक्षा मंत्री के साथ हुई महासंघ की वार्ता की जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षकों के हितों को लेकर चल रहे आंदोलन में महासंघ को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि वार्ता के दौरान ग्रीष्मावकाश 28 जून तक करने तथा प्रधानाचार्य अधिकृत अवकाश पूर्व की भांति यथावत रखने सहित विभिन्न मांगों पर सहमति बनी है। साथ ही शिक्षकों की पदोन्नति, स्थानांतरण, वेतन विसंगति एवं गैर-शैक्षणिक कार्यों से संबंधित विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई है। विभाग के सकारात्मक रुख को देखते हुए संगठन द्वारा आगामी आंदोलन स्थगित कर दिया गया है। बैठक में जनगणना 2027 के लिए शिक्षकों की लगाई गई ड्यूटी को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई।
पदाधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार प्रत्येक विद्यालय से अधिकतम 30 प्रतिशत शिक्षकों की ही ड्यूटी लगाने का प्रावधान है, किन्तु बड़गाँव ब्लॉक के लगभग समस्त शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी गई है, जो नियम विरुद्ध है। नगर निगम क्षेत्र उदयपुर जनगणना हेतु केवल पंचायत समिति बड़गांव क्षेत्र के शिक्षकों की ड्यूटी लगाना, अन्य जिलों में निवासरत व बाहर गए शिक्षकों की आईडी बनाकर उन्हें मजबूर किया जा रहा है,जब भी कोई परीक्षा या अन्य काम होता है तो बड़गांव ब्लाक के शिक्षकों को प्रताड़ित किया जाता है, विद्यालयों के समस्त शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी जाती है,जिससे ब्लाक बड़गांव के शिक्षकों में असंतोष व भारी रोष है इससे फरवरी-मार्च 2027 में जनगणना के द्वितीय चरण के दौरान विद्यालयों में शिक्षकों की कमी उत्पन्न होने तथा शिक्षण कार्य प्रभावित होने की आशंका है। संगठन ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीर्ष स्तर पर इसकी समीक्षा करवाने एवं उचित समाधान सुनिश्चित करने की बात कही।
अंत में उपशाखा बड़गांव ‘अ’ के अध्यक्ष सतीश मिश्रा ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन भारत माता के जयघोष के साथ हुआ।
