उदयपुर, 17 जुलाई (ब्यूरो): जिले के भीण्डर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बदमाशों ने पैट्रोल पंप के बाहर खड़ा डम्पर चुरा लिया। पुलिस के अनुसार हितेश पुत्र रमेश चौबीसा निवासी सूरजपोल भीण्डर ने 14 जुलाई शाम को करीब 7 बजे अपना डंपर चारगदिया पैट्रोल पंप पर खड़ा किया था। 15 जुलाई को सुबह देखा तो डम्पर गायब मिला। सीसीटीवी देखने पर पता चला कि रात को करीब 3 बजे के आसपास अज्ञात बदमाश डंपर चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शराब के लिए पैसे देने से किया इंकार तो पीटा, दो गिरफ्तार
उदयपुर, 17 जुलाई (ब्यूरो): शहर की सुखेर थाना पुलिस ने शराब के लिए पैसा देने से मना करने पर मारपीट करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मार्च महीने में उदयसिंह जाटव पुत्र किशनसिंह जाटव निवासी ठाठपुर मोरार नितिन नगर मुरार ग्वालियर मध्यप्रदेश हाल काली मगरी भुवाणा व उसके साथी मुकेश के साथ प्रकाश गमेती, दुर्गेश गमेती, कालू गमेती और उसके पिता हीरालाल गमेती ने शराब के नशे में मारपीट की। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उन्होंने उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। मना करने पर वे मारपीट करने लगे। मारपीट में घायल उदयसिंह व मुकेश के शोर मचाने पर आरोप वहां से भाग खड़े हुए। पुलिस ने मामला दर्ज कर इस प्रकरण में फरार चल रहे दुर्गाशंकर उर्फ दुर्गेश, जगदीश उर्फ कालू गमेती निवासी कालीमगरी सुखेर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
घर के बाहर से चोरों चुराई कार, मामला दर्ज
उदयपुर, 17 जुलाई (ब्यूरो): शहर के अंबामाता थाना क्षेत्र के अंतर्गत अज्ञात चोरों ने घर के बाहर खड़ी कार गायब कर दी।
ध्रुव पुत्र राजकुमार नलवाया निवासी पोलोग्राउण्ड फतहपुरा की कार 12 जुलाई को उसके घर के बाहर खड़ी थी। शाम को 4 बजे के आसपास देखा तो कार गायब मिली। सीसीटीवी में देखने पर एक अज्ञात चोर घर की रेकी करता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने अंदेशा जताया है कि उसी ने मौका देखकर घर से चाबी चुराकर घटना को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पार्सल से हीरे के जेवर गायब, मामला दर्ज
उदयपुर, 17 जुलाई (ब्यूरो): शहर के घंटाघर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक सर्राफा व्यवसायी द्वारा मुम्बई भेजे गए पार्सल से हीरे के दो जेवर गायब होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार मोती चौहट्टा स्थित शुभलक्ष्मी ज्वेलर्स के राधेश्याम सोनी पुत्र गिरधारी लाल सोनी ने 5 जून को अपनी दुकान पर काम करने वाले लड़के के जरिए एक पार्सल मुंबई भिजवाया। जिसमें 3.40 केरेट के दो हीरे व 1 पन्ना था। 7 जून को पार्सल मुंबई पहुंचा तो उसमें सिर्फ एक पन्ना ही निकला, हीरे गायब थे। इस पर मुंबई स्थित पार्सल ऑफिस से बात की तो उन्होने किसी तरह की जवाबदेही होने से इंकार कर दिया। हालांकि पार्सल का बीमा करवाकर भेजा गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि उस पर रिटेपिंग की गई थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रथयात्रा में गायब हुई एक और चेन, मामला दर्ज
उदयपुर, 17 जुलाई (ब्यूरो): शहर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में एक महिला ने अज्ञात चोर के खिलाफ रथयात्रा के दिन सोने की चेन तोड़ने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार उषा पत्नी विनय भदावत निवासी शिव मार्ग तेलीवाडा धानमण्डी की डेढ़ तोले की सोने की चेन 7 जुलाई को किसी अज्ञात बदमाश ने चुरा ली। घटना मार्शल चौराहे से गणपति डेयरी के बीच हुई बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वसूली का पैसा लेकर फरार हुआ फाइनेंस कर्मचारी गिरफ्तार
उदयपुर, 17 जुलाई (ब्यूरो): जिले की फतहनगर थाना पुलिस ने एक फाइनेंस कंपनी का 92 हजार रूपए लेकर फरार हुए कंपनी के कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार एक फाइनेंस कंपनी की फतहनगर शाखा में काम करने वाले कर्मचारी उमेश सिंह मीणा पुत्र रामसिंह मीना निवासी ज्योति कॉलोनी जहाजपुर भीलवाडा ग्राहकों से ऋण की किस्तों की वसूली का कार्य करता था। उमेश ने 16 नवम्बर 2023 को ग्राहकों से किश्त के 92 हजार 700 रूपए इकट्ठे किए और उसके बाद अपना मोबाइल बंद कर फरार हो गया। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंपनी का पैसा लेकर फरार हुए आरोपी उमेश को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जारी है।
