विधायक अशोक कोठारी के प्रयासों से बजट पूर्व भीलवाड़ा को मिली करोड़ों की सौगात

सड़क,शिक्षा,स्वास्थ्य,पेयजल सहित बुनियादी सुविधाओं का होगा विस्तार

भीलवाड़ा 6 फ़रवरी। शहर के विकास को नई ऊंचाई देने के संकल्प के साथ भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने बजट पूर्व बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विधायक कोठारी के विशेष प्रयासों से राज्य सरकार ने विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 77.75 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। इस राशि का बड़ा हिस्सा शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क बुनियादी ढांचे और शहर के सौंदर्यीकरण पर व्यय किया जाएगा। गौरतलब है कि इन महत्वपूर्ण कार्यों के अधिकांश प्रस्ताव डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) फंड के माध्यम से स्वीकृत कराए गए हैं।
विधायक अशोक कोठारी ने विकास योजनाओं का विवरण साझा करते हुए बताया कि विधानसभा क्षेत्र की सड़कों के कायाकल्प के लिए 10.50 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन लाने के उद्देश्य से स्कूलों के निर्माण और मरम्मत के लिए पूर्व में स्वीकृत 11 करोड़ रुपये के अतिरिक्त 7.20 करोड़ रुपये की नई स्वीकृति जारी की गई है, जिससे क्षेत्र के लगभग सभी विद्यालयों की स्थिति सुधरेगी। इसके साथ ही, महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज के नए भवन के लिए 9 करोड़ रुपये, माणिक्य लाल वर्मा टेक्सटाइल कॉलेज के लिए 2 करोड़ रुपये और एमएलवी गवर्नमेंट कॉलेज में आधुनिक प्रयोगशाला निर्माण एवं मरम्मत हेतु 35 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।
उन्होंने बताया की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में पुर कस्बे के लिए बड़ी राहत सुनिश्चित की है, जहां मॉडल सीएचसी के रूप में नवीन 40 बैडेड हॉस्पिटल 7.50 करोड़ की लागत से निर्मित होगा, साथ ही भीलवाड़ा शहर के शहरी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के सुदृ़ढ़ीकरण एवं नये स्वास्थ्य भवन के निर्माण के साथ 11 करोड़ रुपया स्वास्थ्य सुविधाओं की आधारभूत अवसंरचना पर खर्च किया जाएगा।
पेयजल की समस्या से जूझ रहे सालरा व कीरखेड़ा वासियो को पेयजल संकट के समाधान हेतु सालरा में नई टंकी के निर्माण पर 1 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिससे वहाँ के क्षेत्रवासियों को भविष्य में जलसंकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। मेजा नहर की मेजर व माइनर नहरों के माध्यम से किसानों को पर्याप्त जलापूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुर-खातोला तालाब व नहर एवं  पुर-कानोड़ा तालाब व नहरों के जीर्णोद्धार का कार्य, आरजिया एनिकट के जीर्णोद्धार का कार्य, मेजा बांध की दांई मुख्य नहर की डिस्ट्रिब्यूटरी एवं माईनरो का जीर्णोद्धार का कार्य, मेजा बांध की दांई मुख्य नहर चैन 700 से टेल तक जीर्णोद्धार का कार्य, पोण्डरास एनिकट के जीणौद्धार का कार्य के लिए 7 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह राशि शहरी क्षेत्र से जा रही नहर के टूट फूट व सीपेज की मरम्मत के लिए विधायक अशोक कोठारी द्वारा राज्य सरकार से पूर्व में प्राप्त 10 करोड़ रुपये के अतिरिक्त है, जिससे नहरो कि मरम्मत का कार्य पूर्णता की ओर बढ़ेगा।
शहर की सुंदरता पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। कोठारी नदी रिवर व्यू के सौंदर्यीकरण व पौधारोपण के लिए 5 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। साथ ही, राजस्थान के प्रथम नागरिक सुरक्षा केंद्र भवन के निर्माण के लिए 1.20 करोड़ रुपये और भीलवाड़ा शहर में आने वाले वन क्षेत्र के सौंदर्यीकरण व रखरखाव हेतु 2.50 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। विधायक कोठारी ने बताया की त्वरितता से कार्य कराते हुए  इन विकास कार्यों के शीघ्र ही धरातल पर उतारा जाएगा जिससे भीलवाड़ा की जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी और शहर के समग्र विकास को सकारात्मक दिशा प्राप्त होगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!