उदयपुर, 2 मई : जिले के कोटड़ा थाना क्षेत्र में शराब के नशे में पिता-पुत्र ने एक युवक पर पत्थर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित विनोद पुत्र मसरू गमार निवासी बुडिया कोटड़ा ने पुलिस रिपोर्ट में बताया कि मनुरा पुत्र रूपाराम गमार और उसका बेटा विकू गमार ने पहले पत्थर से सिर पर वार किया। बाद में अरविंद कुमार पुत्र रणछा व रणछा पुत्र सकाराम गमार ने रास्ता रोककर वाहन पर पत्थर मारे और घर पहुंचने पर फिर हमला किया। सिर पर गंभीर चोट आई। कोटड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जमीन विवाद में युवक पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला
उदयपुर, 2 मई : जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जमीन विवाद के चलते आरोपियों ने एक युवक पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार भैया पुत्र पोपटलाल गमार निवासी महाडी नाल ने रिपोर्ट में बताया कि 1 मई को बक्शा डेम पर मजदूरी के दौरान भमरू पुत्र मुलिया गमार, रमण पुत्र मुलिया, राकेश पुत्र मुलिया, कल्पेश पुत्र भमरू व भमरू की पत्नी कमला ने लाठी व पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में पेट, पीठ व शरीर पर गंभीर चोटें आईं। बीच—बचाव करने कालू पुत्र लाडु कटेरिया भी पहुंचा। आरोपियों ने पहले भी लुकिया पुत्र दोला व किशनलाल से मारपीट की थी। कोटड़ा थाना पुलिस जांच कर रही है।
घर में घुसकर किया मां-बेटे पर हमला
उदयपुर, 2 मई : जिले के सायरा थाना क्षेत्र के ढोल गांव में कुछ आरोपियों ने मां-बेटे के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया। पीड़िता प्रतापी बाई पत्नी कनाराम मेघवाल निवासी ढोल सायरा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 1 मई को दोपहर 2 बजे छोगालाल पुत्र वेणीराम, प्रकाश पुत्र मोहन निवासी पुनावली, टमुबाई पत्नी छोगालाल और टिंकू पत्नी प्रकाश उनके घर घुसे। उन्होंने बेटे बाबूलाल मेघवाल के साथ मारपीट की और प्रतापी बाई को भी पीटा। यह लोग पूर्व में भी मारपीट कर चुके हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शराब पार्टी में विवाद: शराब माफिया ने धारदार चम्मच से किया हमला
उदयपुर, 2 मई : शहर के गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र में एक शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति ने दूसरे पर चम्मच से हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार विशाल शर्मा पुत्र चन्द्रमणी शर्मा ने पुलिस रिपोर्ट में बताया कि 30 अप्रैल को शिकारबाड़ी स्थित फार्महाउस पर शराब पार्टी के दौरान शराब व्यवसायी जितेन्द्र सुहालका ने उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। विशाल का कहना है कि उसे दिनेश सुहालका, रितेश सुहालका और महावीर जाखड़ ने पार्टी में बुलाया था। वह शराब नहीं पी रहा था, जिससे जितेन्द्र नाराज़ हो गया। उसने पहले चश्मा तोड़ा, शर्ट फाड़ी और फिर धारदार चम्मच से हाथ पर हमला किया। झगड़े में विशाल की कमर और हाथ पर चोट आई। आरोपी ने धमकी दी कि वह शराब माफिया है और यदि पुलिस में शिकायत की तो वह उसे उदयपुर छोड़ने पर मजबूर कर देगा। विशाल ने इस घटना की रिपोर्ट गोवर्धनविलास थाना में दी, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
