25 स्टार्टअप के सपनों को मिलेगा निवेश का पंख, आरंभ निवेशक संपर्क 2026 में 10 करोड़ तक के फंडिंग अवसर

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

200 स्टार्टअप ने किया आवेदन, देशभर के एंजेल निवेशक, वीसी और फंड मैनेजर होंगे शामिल

उदयपुर। राजस्थान सहित देशभर के उभरते स्टार्टअप को निवेशकों से जोड़ने और उन्हें कारोबार विस्तार के लिए वित्तीय एवं रणनीतिक सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बीसीआई युवा निवेशक संपर्क 2026 का आयोजन आरंभ द्वारा किया जा रहा है। इस पहल में अब तक करीब 200 स्टार्टअप आवेदन कर चुके हैं, जिनमें से 25 चयनित स्टार्टअप को निवेशकों के समक्ष अपना बिजनेस प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
बीसीआई के संस्थापक मुकेश माधवानी ने बताया कि आज के दौर में प्रतिभा और बेहतरीन बिजनेस आइडिया की कमी नहीं है, लेकिन कई स्टार्टअप को सही समय पर उचित निवेशक और मार्गदर्शन नहीं मिल पाता। आरंभ निवेशक संपर्क इसी अंतर को खत्म करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि “सही स्टार्टअप, सही निवेशक और सही अवसर” को एक मंच पर लाया जाए, ताकि युवा उद्यमी अपने विचारों को बड़े कारोबार में बदल सकें।
बीसीआई युवा की अध्यक्ष मिनाक्षी पालीवाल ने बताया कि 15 सितंबर को निवेशक संपर्क कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें चयनित स्टार्टअप को एंजेल निवेशकों, वेंचर कैपिटल निवेशकों, फंड मैनेजर्स और उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के सामने अपने बिजनेस मॉडल को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम से मुंबई, गुजरात, दिल्ली, उदयपुर सहित देश के विभिन्न शहरों के निवेशक जुड़ेंगे।
बीसीआई युवा के उपाध्यक्ष रोहित पालीवाल ने बताया कि आरंभ निवेशक संपर्क के तहत चयनित स्टार्टअप के लिए करीब 10 करोड़ रुपए के संभावित निवेश कोष से निवेश के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके बाद 25 सितंबर को उदयपुर स्थित द थर्ड स्पेस में अंतिम प्रस्तुति सत्र आयोजित होगा। इसमें स्टार्टअप के बिजनेस मॉडल, बाजार की संभावनाओं, आय एवं ग्रोथ, वित्तीय स्थिति, आवश्यक निवेश, वैल्यूएशन और भविष्य की विकास योजनाओं का आकलन किया जाएगा।
सचिव अंकुश रांका ने बताया कि 26 सितंबर को अंतिम सुविधा कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें चयनित स्टार्टअप और निवेशकों के बीच निवेश को लेकर विस्तृत चर्चा होगी तथा आगे की प्रक्रिया को गति दी जाएगी।
मुकेश माधवानी ने कहा कि यह मंच केवल फंडिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि स्टार्टअप को नेटवर्किंग, मेंटरशिप, रणनीतिक मार्गदर्शन और बाजार से जुड़ने के अवसर भी उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। युवा के महासचिव हिम्मत प्रजापत ने बताया कि आरंभ का लक्ष्य ऐसे स्टार्टअप को सामने लाना है, जिनमें मजबूत बिजनेस मॉडल, बाजार में विस्तार की क्षमता और भविष्य में बड़े स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक अवसर पैदा करने की क्षमता हो। इस अवसर पर रोचक भावसार,संतोष मेघवाल,तिजेन्द्र साहू,राहुल कुमावत, नसन जैन,बीसीआई पिनाकल के अध्यक्ष अंशुल मोगरा,बीसीआई अल्फा के संजीव पटवा,लोकेश जोशी मौजूद थे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!