उदयपुर, 11 मई। केंद्र सरकार के मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय द्वारा राज्यों में संचालित पशुपालन योजनाओं के मूल्यांकन के तहत आयोजित समीक्षात्मक बैठक में उदयपुर के डॉ. ललित जोशी भाग लेंगे।
सेवानिवृत्त अतिरिक्त निदेशक, पशुपालन विभाग उदयपुर डॉ. जोशी को नेशनल लेवल मॉनिटर के रूप में विभिन्न राज्यों का दौरा कर योजनाओं की समीक्षा का दायित्व सौंपा गया था। इसी क्रम में उन्होंने आंध्र
प्रदेश एवं हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों में संचालित केंद्रीय योजनाओं का निरीक्षण किया।
डॉ. जोशी 13 मई को नई दिल्ली स्थित मंत्रालय में आयोजित बैठक में अपने निरीक्षण एवं मूल्यांकन संबंधी प्रेजेंटेशन को मंत्रालय के अधिकारियों तथा विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
बैठक में राष्ट्रीय गोकुल मिशन, पशु स्वास्थ्य संरक्षण एवं टीकाकरण कार्यक्रम, नेशनल डेयरी डेवलपमेंट योजना तथा नेशनल लाइव स्टॉक मिशन जैसी प्रमुख योजनाओं की प्रगति एवं प्रभावशीलता की समीक्षा की जाएगी।
