उदयपुर। राइट टू हैल्थ बिल के विरोध में आरएनटी मेडिकल कॉलेज और निजी संस्थानों के चिकित्सकों ने शुक्रवार को मिलकर शहर में हुंकार रैली निकाली। इस दौरान चिकित्सकों ने हाल ही लाए बिल के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया।
आईएमए के उदयपुर चैप्टर अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता ने बताया कि चिकित्सकों की हुंकार रैली आरएनटी मेडिकल कॉलेज से सुबह साढ़े नौ बजे शुरू हुई। जिसके बाद जुलूस के रूप में कोर्ट चौराह, चेटक सर्कल, हाथीपोल चौराहा, अश्विनी बाजार होते हुए जिला कलक्टर कार्यालय पहुंचा। जहां जमकर प्रदर्शन किया गया। ढाई घंटे तक चले प्रदर्शन में उदयपुर जिले के सभी मेडिकल कॉलेज, डेंटल कॉलेज के चिकित्सक एवं उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान आईएमए उदयपुर के सचिव डॉ. प्रशांत अग्रवाल, प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुनील चुघ, कोषाध्यक्ष डॉ. दीपक शाह सहित कई चिकित्सकों ने संबोधित करते हुए राइट टू हैल्थ बिल का विरोध जताया।
तीन दिन से कार्य बहिष्कार जारी, मरीज हो रहे परेशान
राइट टू हैल्थ बिल के विरोध में शहर के निजी अस्पतालों में मरीजों का उपचार पूरी तरह बंद है। जिसके चलते मरीज परेशान हैं। इधर, सरकारी अस्पताल में रैजीडेंट की हड़ताल के चलते चिकित्सा विशेषज्ञों की सेवाएं ली जा रही है। इसके बावजूद मरीजों को पूरा उपचार नहीं मिल पा रहा है। तीन दिन से एक भी ऑपरेशन नहीं हो पाए।
राइट टू हैल्थ बिल के विरोध में उदयपुर के चिकित्सकों ने निकाला जुलूस
