सफाईकर्मी को थप्पड़ मारने से दो गुटों में विवाद

तलवार-डंडो से हमला, वाहनों के शीशे फोड़े
उदयपुर। शहर के अंबामाता थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक सफाईकर्मी को थप्पड़ मारे जाने की घटना के बाद दो गुटों के बीच विवाद हो गया। दोनों ओर के लोगों ने डंडे और तलवार खींच ली। आपसी लड़ाई में तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका उपचार एमबी अस्पताल में जारी है। उधर, तनाव बढ़ते देख क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बुधवार रात लगभग साढ़े 11 बजे समुदाय विशेष के लोग वाहनों से घटनास्थल पर आए तथा वहां खड़े वाहनों पर लाठी तथा तलवार से वार करने लगे। उन्होंने कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए। विरोध में दूसरे गुट के लोग भी लाठी—तलवार लेकर आमने—सामने हो गए। आपसी संघर्ष में तीन लोगों को गंभीर चोटें आईं। इधर, क्षेत्र में तनाव बढ़ने से पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव ने घटना वाले क्षेत्र तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लाइन से अतिरिक्त पुलिसबल भेजा। अंबामाता थानाधिकारी के अलावा एसपी यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह एवं पुलिस उप अधीक्षक शिप्रा राजावत भी मौके पहुंचे।
चार दिन पहले की घटना से फैला विवाद
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बाइक से आए दो युवकों ने चार दिन पहले 16 जुलाई की रात आठ बजे क्षेत्र के सज्जननगर कच्ची बस्ती एक सफाईकर्मी को थप्पड़ मारा था। जिसका बदला लिए जाने को लेकर यह विवाद बढ़ा। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें दिखाई दे रहा है कि समुदाय विशेष के दो युवकों ने किसी बात पर सफाईकर्मी को थप्पड मार दिया था। जबकि पीड़ित की ओर से दर्ज मामले में बताया गया कि वह नगर निगम की गाड़ी से क्षेत्र में कचरा लेने गया था, तभी उसे बाइक सवार युवकों ने थप्पड़ मारा और जातिगत गालियां दी। उसके दूसरे दिन 17 जुलाई केा जुलाई की सुबह सज्जन नगर कच्ची बस्ती में 10—15 लड़के धारदार हथियार लेकर आए। तलवार और सरियों से वाहनों पर तोड़फोड़ कर दी। बस्ती के लोगों को जातिगत गालियां देने के भी आरोप लगे हैं।
पुलिस गंभीरता से लेती को नहीं हो
16 और 17 जुलाई के विवाद की सूचना अंबामाता थाना पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस ने पहले से ही इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। वाल्मीकि समुदाय की तरफ से बीती रात अंबामाता थाने में जो शिकायत दर्ज कराई गई है उसमें बताया गया है कि 16 और 17 जुलाई की घटना के बारे में पुलिस को सूचना दी गई थी लेकिन पुलिस ने इस पर कोई एक्शन नहीं लिया। पुलिस अगर गंभीरता दिखाती तो बीती रात तनाव की स्थिति नहीं बनती।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!