दिव्यांगजनों को मिलेगी स्कूटी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना -2026
उदयपुर, 9 जून। राजस्थान सरकार द्वारा मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना’’ 2026 के तहत दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरित की जाएगी। योजनान्तर्गत चलने-फिरने में असमर्थ ऐसे विशेष योग्यजन जो राजकीय अथवा मान्यता प्राप्त महाविद्यालय में नियमित अध्ययनरत है अथवा रोजगार करने वाले युवा है जिनको प्रोत्साहित करने के लिये निःशुल्क स्कुटी उपलब्ध करवायी जायेगी।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक गिरीश भटनागर ने बताया कि योजनान्तर्गत आवेदन करने वाले आवेदक के पास 40 प्रतिशत या उससे अधिक का चलन निःशक्तता का यूडीआईडी कार्ड होना आवश्यक है। यदि वह विशेष योग्यजन पेंशन प्राप्त कर रहा है तो पेंशन पीपीओ की प्रति आवश्यक होगी। यदि पेंशन प्राप्त नहीं कर रहा है तो उसके माता-पिता अभिभावक/स्वयं की संकलित वार्षिक आय 2 लाख रुपये से अधिक नहीं होने पर पात्र होंगे। योजनान्तर्गत राजस्थान के मूल निवासी ही आवेदन कर सकेंगे। योजना के तहत 18 से 29 आयु वर्ग के दिव्यांगजन को प्रथम वरीयता से पात्रतानुसार स्कुटी वितरित की जायेगी। जिले के लिये निर्धारित स्कुटियों में से प्रथम वरीयता के वितरण के बाद यदि स्कूटी  शेष रहने पर द्वितीय वरीयता में अन्यथा पात्र होने पर 45 वर्ष तक की आयु के दिव्यांगजन को स्कूटी  वितरित की जायेगी। आवेदन के साथ यूडीआईडी कार्ड, मूल निवास, आय प्रमाण पत्र/पेंशन पीपीओ नियमित अध्ययनरत का प्रमाण, शपथ पत्र इत्यादि दस्तावेज देने होंगे। ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने पर आवेदक के आवेदन पर विचार नहीं किया  जाएगा। विभाग द्वारा आवेदन प्रक्रिया शुरू करने पर निर्धारित अवधि में आॅनलाईन आवेदन करना है। आवेदन ई-मित्र अथवा एसएसओ पोर्टल के माध्यम से वांछित दस्तावेजों सहित किया जा सकता है। प्राप्त आवेदन पत्रों में से पात्र आवेदक का चयन जिला कलक्टर की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा किया जायेगा।

जनजाति विद्यार्थियों हेतु निःशुल्क आरएएस कोचिंग 21 जून से
उदयपुर, 9 जून। प्रशासनिक सेवाओं में टीसएपी क्षेत्र के जनजाति विद्यार्थियों का प्रतिनिधित्व बढ़ाने की विभागीय पहल के तहत माणिक्य लाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (टीआरआई), उदयपुर द्वारा 60 जनजाति विद्यार्थियों को मोहनलाल सुखाड़िया विश्व विद्यालय उदयपुर की फेकल्टी से निःशुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी।

टीआरआई निदेशक, ओ.पी.जैन ने बताया कि टीआरआई उदयपुर एवं एमएलएसयू के मध्य एक सहमति पत्र (एमओयू) हस्ताक्षरित हुआ है जिसके अनुसार एमएलएसयू का राजनीति विज्ञान विभाग नोडल विभाग के रूप में कार्य करते हुए इन विद्यार्थियों को इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान एवं भारतीय संविधान, सम सामयिकी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा तार्किक विवेचन एवं मानसिक योग्यता विषयों में कोचिंग दी जाएगी। कोचिंग कक्षाएं 21 जून, 2026 से प्रारम्भ होकर प्रारम्भिक परीक्षा (नवम्बर 2026) तक चलेगी। प्रत्येक विषय के 80 कालांश होगे तथा कुल 480 कालांश होंगे।  इस हेतु टीआरआई द्वारा एमएलएसयू  को 8 लाख रुपये भुगतान किया जाएगा। टीएसपी के इच्छुक जनजाति विद्यार्थी इस कोचिंग हेतु टीआरआई उदयपुर, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग उदयपुर की वेबसाइट से निःशुल्क आवेदन डाउनलोड कर आवेदन विभागाध्यक्ष, राजनीति विज्ञान एमएलएसयू को 15 जून 2026 तक जमा करा सकेंगे।

सूरजपोल उप डाकघर नवीन भवन में स्थानांतरित
उदयपुर, 9 मई। शहर के सूरजपोल उप डाकघर को उसके वर्तमान परिसर बापू बाजार से स्थानांतरित कर मत्स्यकी महाविद्यालय परिसर स्थित नवीन भवन में संचालित किया जा रहा है। 3 जून 2026 से उप डाकघर की सभी सेवाएं नए परिसर से उपलब्ध हैं। डाक मंडल के प्रवर अधीक्षक ने बताया कि सूरजपोल उप डाकघर की समस्त डाक, बचत, बैंक बीमा, आधार एवं अन्य डाकघर संबंधी सेवाएं नवीन परीसर में प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे अपनी आवश्यक सेवाओं के लिए नए पते पर स्थित सूरजपोल उप डाकघर से सम्पर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि उप डाकघर के स्थानांतरण का उद्देश्य ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं, अधिक सुव्यवस्थित वातावरण तथा सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!