लिटिल मास्टर शेफ’ में धैर्यम मेहता बने प्रथम विजेता, ‘चना जोर बाबू’ थीम से जीता निर्णायकों का दिल

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

पाक-कला में चमके धैर्यम मेहता, ‘लिटिल मास्टर शेफ 0.2’ प्रतियोगिता के बने विजेता
उदयपुर, 13 जुलाई। कैट वूमेन विंग उदयपुर द्वारा आयोजित ‘लिटिल मास्टर शेफ 0.2’ प्रतियोगिता में नन्हे प्रतिभागी धैर्यम मेहता ने अपनी उत्कृष्ट पाक-कला, रचनात्मक सोच, आकर्षक प्रस्तुति और आत्मविश्वास पूर्ण प्रदर्शन के दम पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। महेन्द्र तलेसरा ने बताया कि प्रतियोगिता में धैर्यम ने अपनी अनोखी डिश ‘चना जोर’ को लोकप्रिय अंदाज़ ‘चना जोर बाबू ले लो…मज़ेदार’ की थीम के साथ प्रस्तुत किया। स्वाद, नवाचार और प्रभावशाली प्रस्तुति के अनूठे समन्वय ने निर्णायक मंडल को बेहद प्रभावित किया। उनकी प्रस्तुति में स्वाद के साथ रचनात्मकता, मंच संचालन और आत्मविश्वास का भी बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला, जिसकी सभी ने मुक्तकंठ से सराहना की। धैर्यम को पुरस्कार शेफ विक्रम माधवानी एव कैट नेशनल जॉइंट सेक्रेटरी विजय लक्ष्मी गलुण्डिया ने प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि धैर्यम मेहता इससे पूर्व भी कई विज्ञापन फिल्मों में अपने अभिनय का प्रभावशाली प्रदर्शन कर चुके हैं। अभिनय के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने के बाद अब उन्होंने पाक-कला में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। पहली ही बड़ी कुकिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर उन्होंने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं होती। धैर्यम की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उनके परिवार, गुरुजनों, शुभचिंतकों और मित्रों में हर्ष का वातावरण है। सभी ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कैट वूमेन विंग उदयपुर की ओर से बताया गया कि ऐसे आयोजन बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, नवाचार और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। संस्था भविष्य में भी इस प्रकार की प्रेरणादायी एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन करती रहेगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!