रक्षामंत्री राजनाथ बोले—भारत के नेताओं में जनता का विश्वास खत्म, कांग्रेस ने इसे गहरा किया

नेताओं की कथनी और करनी में अंतर, पीएम मोदी ने इसे चुनौती के तौर पर लिया
उदयपुर। राजस्थान के राजसमंद जिले में शुक्रवार को चुनावी सभा को संबोधित करते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। जिसमें उन्होंने कहा कि भारतीय नेताओं की कथनी और करनी में अंतर आने से उन पर जनता का विश्वास खत्म होता जा रहा है। विश्वास का यह संकट कांग्रेस ने गहरा किया है। रक्षा मंत्री राजसमंद में भाजपा प्रत्याशी दीप्ति माहेश्वरी के नामांकन सभा को संबोधित कर रहे थे। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय नेताओं में जनता के विश्वास खत्म होने को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चुनौती के तौर पर लिया।
कांग्रेस की तुलना क्रिकेट वर्ल्ड कप में खेल रही पाकिस्तान से
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस की तुलना क्रिकेट वर्ल्ड कप में खेल रही पाकिस्तान की टीम से की है। पाकिस्तान की टीम जिस तरह वर्ल्ड कप से बाहर हो चुकी है, वैसे ही कांग्रेस चुनाव आने से पहले ही चुनावी टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। जबकि भारतीय जनता पार्टी भारतीय टीम की तरह अजेय चैम्पियन की तरह आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले पिछले चुनाव में किए वादों की स्थिति के बारे में बताए। उनमें से कितने वादे उन्होंने पूरे किए। उन्होंने कहा, कहने और करने में फर्क होता है।
जाति और पंथ की राजनीति नहीं होनी चाहिए
रक्षा मंत्री ने कहा कि जाति—पांति तथा पंथ की राजनीति नही होनी चाहिए। राजस्थान में कांग्रेस तुष्टीकरण कर इसे बढ़ाने में लगी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जाकर देखिए कि वहां बिना सांप्रदायिक तनाव के लोग चैन से जी रहे हैं। राजनीति में हिन्दू—मुस्लिम नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, राजस्थान की गहलोत सरकार ने शुरू से ही संप्रदाय विशेष को बढ़ावा दिया है। जयपुर में संप्रदाय विशेष के व्यक्ति की हत्या पर 50 लाख रुपए का मुआवजा और डेयरी का बूथ दिया गया, जबकि भीलवाड़ा के तापड़िया तथा चित्तौड़गढ़ में सोनी की बात सामने आई तो उनकी जुबान पर दही जम गया।
लाल डायरी का भी जिक्र, बोले सत्ताधारी विधायक भी सुरक्षित नहीं
रक्षामंत्री ने जनसभा को संबोधित करते लाल डायरी का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा क राजस्थान सरकार के एक मंत्री ने ही लाल डायरी को उजागर किया। पता है उस डायरी में इनके भ्रष्टाचार के कच्चे चिट्ठे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में हालात ऐसी है कि सत्तारूढ़ पार्टी की महिला विधायक ने कहा कि उन्हें डर लगता है। ऐसे में यहां की बहू—बेटियों की सुरक्षा की बात नहीं की जा सकती। भीलवाड़ा, सिरोही तथा सांचौर के अलावा नागौर में महिला तथा बेटी के साथ हुए कांडों की उन्होंने चर्चा की।
फ्री बांटकर जनता को नहीं खरीदा जा सकता
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राजस्थान की गहलोत सरकार ने महिलाओं और युवतियों को फ्री मोबाइल तथा फ्री खाने के पैकेट बांटे। जबकि यह नहीं जानते कि जनता के ईमान को फ्री में नहीं खरीदा जा सकता। चंद चांदी के सिक्के तथा बख्शीश में जनता बिकने वाली नहीं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!