उदयपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव मधुसूदन मिस्त्री का कहना है कि राजस्थान में कांग्रेस की जीत ऐतिहासिक होगी। हिमाचल और कर्नाटक चुनाव इसके गवाह हैं, जहां भाजपा ने मोदी को अपना चेहरा बनाया और दोनों जगह शिकस्त मिली। मिस्त्री रविवार को डूंगरपुर दौरे पर थे और मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
कांग्रेस नेता ने रविवार को विधानसभा चुनाव को लेकर फीडबैक लेने के लिए कार्यकर्ताओं की बैठक ली थी। जिसके बाद मीडिया से भी बातचीत की। उन्होंने कहा, राजस्थान में कांग्रेस की जीत पहले से बड़ी और ऐतिहासिक होगी, हालांकि वह यह नहीं बता पाए कि कांग्रेस राजस्थान में कितनी सीटें जीतेगी।
उन्होंने कहा की भाजपा राजस्थान में मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ रही है। हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में मोदी का चेहरा हार गया। ये सबको पता है। राजस्थान में कांग्रेस की स्कीम बहुत अच्छी है। इससे लोगों को सीधा फायदा मिला है। ऐसी योजनाएं देश के और किसी राज्य में नहीं है। जनता इस बार फिर से कांग्रेस की सरकार रिपीट करने के मूड में है। उन्होंने कहा की राजस्थान में सरकार को लेकर कोई एंटी इनकैंबेंसी नहीं है। वे कांग्रेस के एक्स एमएलए और वर्तमान एमएलए के साथ उम्मीदवारों से चर्चा कर उनकी राय जानेंगे।
मिस्त्री ने कहा कि टिकट वितरण का काम स्क्रीनिंग कमेटी का है। अभी श्राद्ध पक्ष चल रहा है। जल्द ही टिकट की घोषणाएं भी की जाएगी। जीतने वाले उम्मीदवार को टिकट मिलेगी और पूरी कांग्रेस जिताने में जुटेगी। मिस्त्री ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर डूंगरपुर के पार्टी जिलाध्यक्ष वल्लभराम पाटीदार, पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा, डूंगरपुर विधायक गणेश घोघरा, प्रधान देवराम रोत, पूर्व विधायक सहित दर्जनों नेताओं से मंत्रणा भी की।
कांग्रेस नेता मिस्त्री बोले राजस्थान में मिलेगी ऐतिहासिक जीत, हिमाचल और कर्नाटक में मोदी के चेहरा रहने पर भी हारी थी भाजपा
