उदयपुर। जिले के खेरवाड़ा क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने कपड़ों से भरा ट्रक लूट लिया। ट्रक में ढाई करोड़ रुपए के कपड़े लदे थे। हालांकि पुलिस ने 12 घंटे में वारदात का खुलासा कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। इनमें से मुख्य आरोपी उसी ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता था, जिसका ट्रक लूटा गया था। जिसने अपने एक सहयोगी को लूट की वारदात में शामिल कर लिया था।
खेरवाड़ा थानाधिकारी दिलीप सिंह ने बताय कि अलवर जिले के मालपुर निवासी काला पुत्र मलुक मेव ने कपड़ों से लदे ट्रक की लूट की सूचना दी थी। उसने बताया कि बोम्बे एक्सपोर्ट कार्गो कैरियर प्राइवेट लिमिटेड मुम्बई वह ट्रक चालक है। कंपनी के आर्डर के अनुसार वह एक्सपोर्ट के कपड़े से लदे ट्रक को लेकर रवाना हुआ था। उसके साथ नूह हरियाणा निवासी अफसर पुत्र आलम भी ट्रक में साथ चल रहा था। वह नोएडा से द्रोणगिरी मुम्बई के लिए रवाना हुए थे। यहां खेरवाड़ा क्षेत्र में 11 जनवरी को दोपहर बाद साढ़े चार बजे वह टोल नाके से पहले पहुंचा था। जहां एक बाइक पर आए दो व्यक्तियों ने उसके ट्रक के आगे बाइक लगा दी। जिस पर उन्होंने ट्रक रोककर पूछताछ की तो तो अशोक नामक व्यक्ति, जो पहले उसी ट्रांसपोर्ट कंपनी में चालक था, ने अपने सहयोगी विकेश के साथ मिलकर दोनों को ट्रक से उतारा तथा उनसे ट्रक की चाबी छीन ली। अशोक ने ट्रक को माल सहित लूटा तथा ट्रक चलाकर जाने लगा। विकेश उसके पीछे बाइक से रवाना हो गए। बताया गया कि ट्रक में दो करोड़ 38 रुपए का माल भरा था। शिकायत के बाद थानाधिकारी दिलीप सिंह, एएसआई दिग्विजय सिंह, कांस्टेबल रणधीर सिंह, कृष्णकुमार, मनिन्दर सिंह, भंवर सिंह तथा अंशुल कुमार ने ट्रक लूट के आरोपियों की तलाशी शुरू कर दी। लुटेरों को ऋषभदेव, कागदर, टीडी, परसाद तथा आसपास के क्षेत्रों में ढूंढा गया। तलाश के दौरान माल से भरा ट्रक कागदर क्षेत्र से बरामद हो गया तथा उसे लूटने वाले अशोक तथा विकेश को गिरफ्तार कर लिया। अशोक डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा क्षेत्र के हिडवाफलां गांव का रहने वाला है, जबकि उसका साथी विकेश डूंगरपुर के देवला खास फला का रहने वाला। पुलिस दोनों से पूछताछ में जुटी है। इधर, पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव ने पुलिस की कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए लूट कांड का खुलासा करने वाली टीम को ईनाम दिलवाए जाने की घोषणा की है।
ढाई करोड़ का कपड़ा लूटा, पुलिस ने 12 घंटे में दबोचे लुटेरे
