उदयपुर। जिले के खेरवाड़ा कस्बे में दिनदहाड़े एक बाल अपचारी ने स्टेट बैंक आॅफ इंडिया के कियोस्क संचालक के 2.12 लाख रुपए चुरा लिए। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर उसके पास पहुंच गई। पुलिस ने उसकी मां से चुराए सारे पैसे बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव ने बताया कि ऋषभदेव क्षेत्र के निचला माण्डवा—घोडेडी निवासी बाबूलाल मीणा पुत्र हरीप्रकाश मीणा निचला माण्डवा क्षेत्र में स्टेट बैंक आॅफ इंडिया की कियोस्क संचालित करता है। एक जुलाई को वह स्टेट बैंक आॅफ इंडिया की खेरवाड़ा शाखा से 2 लाख 12 हजार रुपए निकालकर मोटरसाइकिल से लौट रहा था। उसने कस्बे की प्रिया पान कार्नर के पास अपनी बाइक रोकी और दुकान पर सामान लेने गया। इस बीच बाइक के बैग में रखी नकदी किसी ने चुरा ली। काफी पता लगाने के बाद भी जब पैसे नहीं मिले तो उसने खेरवाड़ा थाने में मामला दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को लेकर पुलिस ने खेरवाड़ा कस्बे के सौ से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जिसमें एक बाल अपचारी बाइक के समीप दिखाई दे रहा था। जिसकी पहचान को लेकर कई दिन लगे किन्तु पुलिस उस तक पहुंच गया। बाल अपचारी को निरूद्ध करने के बाद पता चला कि आरोपी ने यह पैसे अपनी मां जवास निवासी शायरी पत्नी नारायण लाल को दिए थे। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद उसकी बताई जगह से चुराई पूरी राशि बरामद कर ली। पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में कांस्टेबल अनुज कुमार की जांच में किए गए कार्य की प्रशंसा की है। जिसकी वजह से पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
बाल अपचारी चुरा लिए थे 2.12 लाख रुपए, मां से किए बरामद
