– पद्मनाभ स्वामी जैन मंदिर चौगान मंदिर से चतुर्विध संघ की निकली भव्य शोभायात्रा
– जगह-जगह श्राविकाओं ने मंगल कलश एवं अक्षत गहुली से आचार्य भगवंत का स्वागत किया
उदयपुर, 19 जुलाई। श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक श्री संघ, आराधना भवन, मालदास स्ट्रीट में तीर्थोद्धारक आचार्यदेव श्रीमद् विजय नीति सूरीश्वर महाराज के समुदाय के आचार्यदेव श्रीमद् विजय हेमप्रभ सूरीश्वर महाराज के शिष्यरत्न, शास्त्रामृत तत्वज्ञ आचार्यदेव विजय प्रशमेशप्रभ सूरीश्वर महाराज, मुनिराज नीतिप्रभ विजय महाराज तथा साध्वी शीलरत्ना श्रीजी की सुशिष्या साध्वी श्रुतवर्धना महाराज आदि ठाणा श्रमणी भगवंत का चातुर्मासिक मंगल प्रवेश सम्पन्न हुआ।
श्री संघ के कोषाध्यक्ष राजेश जावरिया ने बताया कि प्रात: 9 बजे शिक्षा भवन चौराहा स्थित पद्मनाभ स्वामी जैन मंदिर चौगान मंदिर से चतुर्विध संघ की भव्य शोभायात्रा प्रारम्भ हुई। शोभायात्रा में श्री हीर सूरी जैन पाठशाला के बालक-बालिकाएं हाथों में जैन ध्वज लेकर सबसे आगे चल रहे थे। वहीं श्री नीति नवयुवक बैंड मंडल की मधुर स्वर लहरियों के बीच आचार्यश्री एवं मुनिराज के साथ श्री संघ के अध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र हिरण, मंत्री कुलदीप नाहर, उपाध्यक्ष ताराचंद पोरवाल, कोषाध्यक्ष राजेश जावरिया, प्रकाश गांधी, राकेश चेलावत, अभिषेक दावड़ा, अशोक जैन सहित सैकड़ों श्रावक-श्राविकाएं जयघोष करते हुए शामिल हुए।
इसके पश्चात श्राविकाएं मंगल कलश धारण कर मंगल गीत गाती हुई शोभायात्रा में शामिल रहीं। आराधना भवन पहुंचने पर आराधना महिला मंच की अध्यक्षा डॉ. प्रीतु चेलावत के सानिध्य में आराधना महिला मंच, विमलाचल सामायिक मंडल एवं श्री संघ की श्राविकाओं ने मंगल कलश एवं अक्षत गहुली से आचार्य भगवंत का भावपूर्ण स्वागत करते हुए मंगल प्रवेश कराया।
कार्यक्रम के दौरान पाठशाला के विद्यार्थियों एवं विभिन्न श्राविका मंडलों ने गुरु भक्ति स्तवन प्रस्तुत कर श्रद्धा का अनुपम वातावरण निर्मित किया। चातुर्मासिक मंगल प्रवेश महोत्सव में उदयपुर के अलावा सुमेरपुर, जाखोड़ा, पाली, जालोर, शिवगंज, अहमदाबाद सहित विभिन्न जैन श्री संघों के अध्यक्ष, मंत्री, ट्रस्टी एवं बड़ी संख्या में गुरुभक्त उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सुमेरपुर के समीप स्थित अतिप्राचीन जाखोड़ा जैन तीर्थ के शांतिनाथ भगवान जिनालय के जीर्णोद्धार, खनन मुहूर्त एवं शिलास्थापन के शुभ मुहूर्त की भी घोषणा की गई।
जावरिया ने बताया कि श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक श्री संघ, आराधना भवन मालदास स्ट्रीट में आचार्य भगवंत की निश्रा में आगामी 4 अगस्त से सिद्धि तप की आराधना प्रारम्भ होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सहभागी बनने की संभावना है।
आचार्य विजय प्रशमेशप्रभ सूरीश्वर का मालदास स्ट्रीट आराधना भवन में चातुर्मासिक मंगल प्रवेश
