शादी के दो दिन बाद गहने लेकर दुल्हन फरार

उदयपुर, 6 अगस्त (ब्यूरो): जिले के खेरोदा थाने में एक लड़की की दो शादियां करवाने के आरोप में उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक सोहनलाल पुत्र मोतीलाल मेघवाल निवासी अमरपुरा खालसा खेरोदा के बेटे राजकुमार का विवाह पूजा पुत्री मांगीलाल निवासी कालीभीत से ​हुआ था। विवाह करवाने वाले तीनों दलाल ने वरदीचन्द, राजमल और मांगीलाल ने विवाह से पहले ही लड़के ​के पिता सोहनलाल से सौदा किया था कि उसे इस शादी के लिए 5 लाख रुपय देने होंगे। लड़के के पिता ने असमर्थता जताई तो 3 लाख 17 हजार रूपय में बात तय हुई। ये भी तय हुआ कि वह ये पैसे किश्तों में देगा। शादी में इन दलालों के कहने पर ही लड़के के पिता ने 4 लाख रुपय के गहने भी दुल्हन को चढाए। शादी के दो दिन बाद दुल्हन पूजा अपने भैया और भाभी के मायके वापस आ गई। उसके बाद पूजा कभी ससुराल वापस नहीं आई और ना ही ससुराल वालों के दिए हुए गहने लौटाए। गहन छानबीन के बाद लड़के वालों को पता चला कि तीनों दलालों और लड़की के परिजनों ने मिलकर उसका विवाह कहीं और करवा दिया है। इस वर पक्ष ने वधु पक्ष के लोगों और तीनों दलालों के विरूद्ध मामला दर्ज करवा कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चलती बाइक से गिरकर महिला की मौत
उदयपुर, 6 अगस्त (ब्यूरो): जिले के भीण्डर थाना क्षेत्र में चलती बाइक से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार अपने पति के साथ बाइक पर जा रही प्रेमी बाई (30) पत्नी प्रकाश चन्द्र रावत निवासी रानी डूंगला खेरोदा अपने पति के साथ बाइक पर जा रही थी। महिला को मिर्गी के दौरे आने की बीमारी थी। सोमवार को अपने पति के साथ अपने पीहर खजूरिया खेड़ा भीण्डर जा रही प्रेमी बाई को नीमड़ी के पास चलती बाइक पर मिर्गी का दौरा आ गया, जिससे वह नीचे गिर पड़ी और सिर में चोट आने पर गंभीर रूप से घायल हो गई। उदयपुर के एमबी चिकित्सालय में महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

युवक से मारपीट, मामला दर्ज
उदयपुर, 6 अगस्त (ब्यूरो): जिले के खेरवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार रमेश पुत्र सुर भील निवासी रोबीया हिरोत फलां ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 3 अगस्त की रात को करीब 9 बजे वह अपने घर से कुएं की तरफ जा रहा था। उसके कुएं के पास ललित पुत्र कन्हैयालाल व नारु पुत्र शंकरलाल डामोर निवासी रोबिया को उसने पूछा कि वे दोनों यहां पर क्या कर रहे है। इस पर इन दोनों ने उसके साथ गाली—गलौच व मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मारपीट कर तोड़ा हाथ, दो गिरफ्तार
उदयपुर, 6 अगस्त (ब्यूरो): जिले की बेकरिया थाना पुलिस ने मारपीट व पथराव करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार प्रभुराम पुत्र फताराम गरासिया निवासी तुली का खेत बांकावास कोटडा 30 अगस्त 23 को अपने हाथ का ईलाज कराने के लिए हॉस्पीटल गया था। वापस आते वक्त सिरवल में उसे दौलाराम पुत्र काना, हुसांराम पुत्र हीरा, कुसाराम पुत्र मोवना गरासिया निवासी तुली का खेत ने गाली-गलौच व मारपीट की। जिनसे जान बचाकर वह बडी मुश्किल से भागा। इसके बाद रात को जब वह अपने घर आया तो इन लोगों ने उसके घर पर पथराव कर दिया। पीड़ित के अनुसार पूर्व में भी इन लोगों ने मारपीट कर उसका हाथ तोड़ दिया था। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राकेश पुत्र दूदाराम गरासिया निवासी मालवा का चौरा तथा रामाराम पुत्र दलाराम गरासिया निवासी मालप फला भुकणा पिण्डवाडा सिरोही हाल निवासी मालवा का चौरा बेकरिया को गिरफ्तार कर लिया।

5 लाख की शराब के साथ एक गिरफ्तार
सलूंबर, 6 अगस्त (ब्यूरो): जिले की झल्लारा थाना पुलिस एवं डीएसटी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 115 कार्टून शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई शराब की कीमत लगभग 5 लाख रुयप बताई जा रही है। मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने संजय सिंह पुत्र ओम सिंह राजपूत पलथाना थाना दादीया जिला सीकर को गिरफ्तार किया। शराब सफेद कलर की पिकअप में भरी हुई थी। तलाशी के दौरान पुलिस ने पाया कि पिकअप में हरी सब्जी भरने के खाली प्लास्टिक के केरेटों के नीचे एक हरे रंग के तिरपाल था, जिसके नीचे अलग—अलग ब्राण्ड की अंग्रेजी शराब के 115 कार्टून थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!