उदयपुर, 4 सितम्बर। संगीत निर्देशक, कंपोजर, सिंगर और गिटारिस्ट एकार्थ पुरोहित ने अपने संगीत सफर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। एकार्थ पुरोहित अब म्यूजिक कम्पोजर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एमसीएआई) के सदस्य बन गए हैं। यह सदस्यता उनके संगीत करियर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है। एमसीएआई की स्थापना 21 जून 1958 को भारतीय फिल्म संगीत के प्रतिष्ठित संगीतकारों द्वारा की गई थी। संस्था देशभर के म्यूजिक कंपोजर्स और संगीत क्षेत्र से जुड़े प्रोफेशनल्स के लिए महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करती है । एकार्थ पुरोहित ने वर्ष 2013 में अपने संगीत करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने उदयपुर में बेसलार्ड स्टूडियो की स्थापना की, जहां उन्होंने म्यूजिक प्रोडक्शन, कंपोजिशन, रिकॉर्डिंग और साउंड के क्षेत्र में कार्य किया। स्वतंत्र संगीत और स्टूडियो प्रोडक्शन से शुरुआत करने वाले एकार्थ ने धीरे-धीरे बॉलीवुड और कमर्शियल म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई। एकार्थ बॉलीवुड फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ (2024) के म्यूजिक क्रेडिट्स में म्यूजिक कंपोजर के तौर पर शामिल रहे हैं। फिल्म में उनके साथ अनु मलिक, अरको, अखिल सचदेवा, कार्तिक कुश और रामाश्रित जोशी सहित अन्य संगीतकारों के नाम भी दर्ज हैं। इसके अलावा उनके संगीत कार्यों में ‘शाही फ्यूनरल’ और ‘सागवान’ जैसे प्रोजेक्ट्स भी शामिल हैं। एमसीएआई की सदस्यता को लेकर एकार्थ पुरोहित ने इसे “एक नए अध्याय और म्यूजिक फ्रेटर्निटी के साथ और मजबूत जुड़ाव” की शुरुआत बताया। उदयपुर से शुरू हुआ एकार्थ पुरोहित का संगीत सफर अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। एमसीएआई से जुडऩा उनके इसी सफर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
बॉलीवुड म्यूजिक डायरेक्टर एकार्थ पुरोहित बने म्यूजिक कम्पोजर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सदस्य
