माटी कला कामगारों हेतु जागरूकता शिविर आयोजित, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान
उदयपुर, 22 जुलाई। श्रीयादे माटी कला बोर्ड की ओर से माटी कला से जुड़े कामगारों और दस्तकारों के लिए एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन मंगलवार को शहर के सेक्टर 3 में किया गया। कार्यक्रम में माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पूर्व विधायक बंशीलाल खटीक, समाजसेवी गजपाल सिंह राठौड़ और अन्य गणमान्य अतिथि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए माटी कला बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा बजट घोषणानुरूप प्रदेशभर में माटी कला बोर्ड के माध्यम से 2 हजार लाभार्थियों को 50-50 हजार रुपये की आधुनिक मशीनें निःशुल्क प्रदान की जाएंगी। पूर्व में यह संख्या 1 हजार थी। उन्होंने बताया कि कामगारों को मिट्टी की उपलब्धता में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए तालाबों से मिट्टी लेने हेतु प्रशासन को विधिवत सूचना दी जा सकती है। साथ ही उन्होंने स्वंय सहायता समूहों से जुड़ने और नवीन उत्पादों के निर्माण पर ध्यान देने की अपील की जिससे कामगारों की आमदनी में बढ़ोतरी हो उन्होंने कार्यक्रम में कामगारों को आधुनिक तकनीकों से भी अवगत कराया गया जिससे परंपरागत माटी कला को नवाचार के साथ नया आयाम मिल सके। उन्होंने उपस्थित कामगारों और समाजबंधुओं से आह्वान करते हुए कहा कि अपने बच्चों को अधिक से अधिक शिक्षा से जोड़े, समाज का उचित प्रतिनिधित्व शासन-प्रशासन में होगा तो अपने आप समाज का भी उत्थान होगा।
टाक ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील करते हुए बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से दस-दस लाभार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके उपरांत उन्हें विद्युत चालित चाक और मशीन वितरित की जाएंगी। विधानसभावार लाभार्थियों का चयन कार्यक्रम के दौरान लॉटरी पद्धति से किया गया।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक शैलेन्द्र शर्मा ने शिविर में भाग ले रहे कामगारों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और पात्रता अनुसार इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। समाजसेवी गजपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने गरीब को श्गणेशश् मानते हुए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। कामगार इनका लाभ उठाकर देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्य देवीलाल प्रजापत, श्रमिक संगठन के मदन पालीवाल, समाजसेवी कन्हैया वैष्णव समेत बड़ी संख्या में कामगार एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।
