उदयपुर। पेसिफिक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पिम्स), उमरड़ा, साई तिरुपति यूनिवर्सिटी (एसटीयू ) में एमबीबीएस बैच 2026 के प्रथम वर्ष के फाउंडेशन कोर्स के अंतर्गत जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण तथा नशा मुक्ति पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ जल मित्र एवं सामाजिक जागरूकता कार्यकर्ता डॉ. पी. सी. जैन ने विद्यार्थियों को जल संरक्षण और ड्रग एवं डिजिटल नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के प्राचार्य एवं कंट्रोलर डॉ. किशन लाल धनक तथा अकादमिक डायरेक्टर डॉ. दिलीप कुमार के मार्गदर्शन में किया गया।
जल संरक्षण का दिया संदेश :
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक ‘जल आरती’ एवं ‘जल प्रणाम’ के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने ‘ओम जय जल देव हरे, स्वामी जय जल देव हरे’ आरती में उत्साहपूर्वक भाग लिया। डॉ. पी. सी. जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि घरों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर अत्यधिक सीमेंट एवं पक्के निर्माण के कारण वर्षा का पानी जमीन में नहीं पहुंच पाता, जिससे भूजल स्तर लगातार गिर रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि घरों, फुटपाथों और सड़कों के किनारे पर्याप्त खुली जमीन रखी जाए तथा इंटरलॉकिंग टाइल्स इस प्रकार लगाई जाएं कि वर्षा जल प्राकृतिक रूप से जमीन में समा सके। उन्होंने अपनी रचित जल नाटिका ‘पापा आप कहां थे?’ के माध्यम से जल प्रदूषण, पानी की बर्बादी और आने वाली पीढ़ियों के लिए शुद्ध पेयजल की कमी जैसे गंभीर विषयों को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। नाटिका का संदेश था कि आने वाली पीढ़ियों को भौतिक समृद्धि से अधिक शुद्ध जल की आवश्यकता होगी। अपनी जल संरक्षण पीपीटी के माध्यम से उन्होंने विश्व में बढ़ते जल संकट, सतही जल एवं भूजल संरक्षण तथा वर्षा जल संचयन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने आग्रह किया कि किसी भी सरकारी अथवा गैर-सरकारी भवन में भूजल निकालने की व्यवस्था के साथ प्रभावी रिचार्ज सिस्टम भी होना चाहिए।
ड्रग एवं डिजिटल नशे के दुष्परिणामों पर जागरूकता :
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में डॉ. जैन ने ड्रग एवं डिजिटल नशे के बढ़ते प्रभाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नशा धीरे-धीरे फैशन और जीवनशैली का हिस्सा बनता जा रहा है, जिसके कारण अनेक परिवार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने तंबाकू, शराब, गांजा, स्मैक और एमडी जैसे मादक पदार्थों के शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों को पीपीटी के माध्यम से समझाया। साथ ही डिजिटल नशे के कारण मस्तिष्क पर पड़ने वाले प्रभावों और इससे बचाव के उपायों पर भी चर्चा की। डॉ. जैन ने विशेष रूप से बताया कि नशे का प्रभाव महिलाओं के स्वास्थ्य पर अधिक गंभीर हो सकता है तथा गर्भस्थ शिशु के विकास पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को कॉलेज जीवन की शुरुआत से ही नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
विद्यार्थियों ने नाटिका से दिया नशा मुक्ति का संदेश :
कार्यक्रम में एमबीबीएस बैच 2026 के विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति पर आधारित एक भावनात्मक नाटिका प्रस्तुत की। इसमें नशे के कारण एक युवा की मृत्यु और उसके बाद मां के मार्मिक विलाप को दर्शाया गया। प्रस्तुति ने विद्यार्थियों को नशे के विनाशकारी परिणामों के प्रति गंभीरता से सोचने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. पी. सी. जैन द्वारा रचित नशा मुक्ति गीत ‘आजा रे अब मेरा दिल पुकारे, रो-रो के घर के सारे, बदनाम ना हो यह नशा’ प्रस्तुत किया गया। नाटिका में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को डॉ. पी. सी. जैन ने अपनी ओर से स्मृति चिह्न भेंट किए।
कार्यक्रम के समन्वय में डॉ. गणेश खेमनार, विभागाध्यक्ष, एनाटॉमी विभाग तथा डॉ. अवनी पटेल, सहायक आचार्य, एनाटॉमी विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संचालन डॉ. सोनाली कुकरेजा एवं मनीषिका द्वारा किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवप्रवेशित एमबीबीएस विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण, जल के प्रति संवेदनशीलता तथा नशामुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
