उदयपुर, 17 नवंबर। नारायण सेवा संस्थान एवं समग्रम के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को सेवातीर्थ स्थित ‘वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी’ में स्वास्थ्य एवं वेलनेस सेमिनार आयोजित हुआ। ‘हील विदाउट पिल – मास्टर योर हेल्थ’ विषयक सत्र में प्राकृतिक चिकित्सा विशेषज्ञ एवं ओजस लाइफ के संस्थापक अतुल शाह ने उपवास, सात्विक खान-पान, दिनचर्या और पंचतत्वों के संतुलन से स्वस्थ जीवन जीने के प्राकृतिक सूत्र बताए।
दीप प्रज्वलन से शुरू हुए समारोह में समग्रम के संस्थापक निहाल जैन ने अतुल शाह के जीवन अनुभवों एवं स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में उनके प्रयासों की जानकारी दी।
अतुल शाह ने आकाश, वायु, अग्नि, जल और पृथ्वी पांच प्राकृतिक तत्वों का महत्व समझाते हुए प्रकृति के अनुरूप जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने उपवास, कच्चे एवं सात्विक भोजन और संतुलित दिनचर्या को बेहतर स्वास्थ्य का आधार बताया। साथ ही जीवनशैली एवं खान-पान से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं और उनसे बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में स्वयं गंभीर स्वास्थ्य चुनौती का सामना करने के बाद उन्होंने प्राकृतिक जीवनशैली का अध्ययन शुरू किया। इसी अनुभव से प्रेरित होकर 2016 में ओजस लाइफ की स्थापना की। मिशन हेल्दी इंडिया के माध्यम से वे देश-विदेश में निःशुल्क सेमिनार एवं आवासीय स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
इस अवसर पर संस्थान संस्थापक पद्मश्री कैलाश मानव, अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल, निदेशक वंदना अग्रवाल, महावीर इंटरनेशनल केंद्र उदयपुर के अध्यक्ष रवीन्द्र सुराणा, सीनियर सिटीजन सोसायटी के अध्यक्ष हरिशंकर कुमावत, समाजसेवी रवींद्र अग्रवाल, लालचंद जैन, उदयपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष यशवंत पालीवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक और साधक उपस्थित रहे।
समापन पर संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने अतुल शाह के मार्गदर्शन में उदयपुर में प्रस्तावित सात दिवसीय वेलनेस रिट्रीट के पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने अतुल शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति के अनुरूप जीवनशैली अपनाकर स्वस्थ समाज के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनना चाहिए।
कार्यक्रम के बाद अतुल शाह सहित सभी अतिथियों ने संस्थान के नवनिर्मित भवन ‘वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी’ का अवलोकन किया और वहां उपचाररत रोगियों से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी। कार्यक्रम का संयोजन महिम जैन ने किया।
