लगभग 4.5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास
नाथद्वारा। नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि नाथद्वारा के समग्र विकास के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना आवश्यक है। वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं और प्रत्येक नागरिक मिलकर नाथद्वारा को और बेहतर बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
विधायक मेवाड़ ने कहा कि नाथद्वारा में विकास की आवश्यकता है, लेकिन विकास के साथ हमारी मौलिक पहचान, संस्कृति, परंपराएं और शहर की विशिष्टता को संरक्षित रखना भी उतना ही जरूरी है। नाथद्वारा में लगातार पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है और शहर का विस्तार भी तेजी से हो रहा है। ऐसे में शहर का नियोजित एवं दूरदर्शी विकास करना होगा, ताकि भविष्य में उन गलतियों को दोहराया न जाए जो अतीत में शहर के विस्तार के दौरान हुई हैं।
उन्होंने कहा कि नाथद्वारा केवल एक शहर नहीं बल्कि आस्था, संस्कृति और परंपरा की विशिष्ट पहचान रखने वाला क्षेत्र है। इसलिए आने वाले समय की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाना चाहिए और साथ ही नाथद्वारा की आत्मा एवं पहचान को भी अक्षुण्ण रखा जाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान नगरपालिका नाथद्वारा, विधायक मद एवं DMFT मद से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इनमें अस्पताल में दवा वितरण केंद्र एवं वातानुकूलित कक्ष, ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट एवं मेनिफोल्ड कक्ष, बायोमेडिकल वेस्ट के लिए कक्ष, आवासीय क्वार्टरों की रिपेयरिंग, 40 किलोवाट सोलर प्लांट, श्मशान घाट में शेड एवं सीसी कार्य तथा नगरपालिका क्षेत्र में गोवंश के लिए रेस्ट हॉल एवं स्टोर रूम सहित विभिन्न कार्य शामिल हैं।
इन कार्यों से स्वास्थ्य सुविधाओं, ऊर्जा व्यवस्था, सड़क एवं आधारभूत सुविधाओं तथा नागरिक सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में लगभग 4.5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि लोकार्पण और शिलान्यास एक साथ होना इस बात का संकेत है कि क्षेत्र में कई कार्य पूर्ण होकर जनता को समर्पित किए जा रहे हैं, जबकि अनेक नए कार्यों की शुरुआत भी हो रही है। उन्होंने कहा कि विकास एक निरंतर प्रक्रिया है और नाथद्वारा को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए सभी के सहयोग से आगे भी कार्य किए जाएंगे।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल, जिला महामंत्री प्रदीप काबरा, महेंद्र सिंह चौहान, नगर अध्यक्ष प्रवीण पालीवाल, कोठारिया मंडल अध्यक्ष हरदयाल सिंह, देलवाड़ा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
