कोटडा में अवैध क्लीनिकों पर कार्रवाई, सात सील

उदयपुर, 22 मार्च : कोटडा ब्लॉक के बेकरिया में अवैध रूप से संचालित सात क्लीनिकों पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि जिला कलेक्टर के निर्देश पर गठित दो टीमों ने यह कार्रवाई की।

अवैध रूप से चल रहे मेडिकल स्टोर पर छापा : देवला बस स्टैंड स्थित तालुकदार मेडिकल स्टोर और बेकरिया बाजार में हिंगलाज मेडिकल पर छापा मारा गया। यहां मेडिकल स्टोर की आड़ में क्लीनिक संचालित किए जा रहे थे। दोनों स्टोर बिना फार्मासिस्ट के पाए गए और किसी और के लाइसेंस पर संचालित हो रहे थे। भूपति तालुकदार और टीकम चंद खत्री मरीजों का इलाज कर रहे थे, लेकिन उनके पास कोई वैध मेडिकल डिग्री नहीं थी। ड्रग इंस्पेक्टर ने उनके खिलाफ केस दर्ज कराया।

कार्रवाई की भनक लगते ही फरार हुए झोलाछाप : जैसे ही कार्रवाई की सूचना मिली, अन्य अवैध क्लीनिक संचालक मौके से फरार हो गए। अनुप राय, रोनी राय, अभय दास, डी.के. राय और सुरजन के क्लीनिक बंद मिले, जिन्हें सील कर दिया गया और पुलिस को सूचना दी गई। इस कार्रवाई में डॉ. राकेश गुप्ता, डॉ. प्रणव भावसार, ड्रग इंस्पेक्टर कुलदीप यदुवंशी सहित कई अधिकारी शामिल रहे।

कोटड़ा में 27 लाख का गांजा बरामद, तस्कर फरार
उदयपुर, 22 मार्च : जिले के कोटड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 लाख रुपए का 54 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। बेकरिया थानाधिकारी उत्तम सिंह मेड़तिया ने बताया कि गांजे की तस्करी कार में की जा रही थी।

नाकाबंदी तोड़कर भागे तस्कर, खाई में पलटी गाड़ी
पुलिस ने देवला के समीप नाकेबंदी की थी, जहां तस्करों ने बैरिकेड तोड़ भागने की कोशिश की। तेज रफ्तार में गाड़ी असंतुलित होकर खाई में पलट गई, लेकिन तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गाड़ी और गांजा जब्त कर मामला दर्ज किया है। तस्करों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई हुई, जिसमें कांस्टेबल बृजेश कुमार की अहम भूमिका रही।

चाची को बाथरूम में बंद कर जेवरात व नकदी ले भागा भतीजा
उदयपुर, 22 मार्च : शहर के हिरणमगरी थाना क्षेत्र में आरोपी अपनी चाची को बाथरूम में बंद कर नकदी व जेवर लेकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार रेती स्टैंड निवासी पीड़ित शांतिलाल पुत्र लालुराम लोहार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 4 फरवरी को उसकी पत्नी की तबीयत खराब थी। वह बाहर था, इसलिए उसने अपने भतीजे भावेश को पत्नी की देखभाल के लिए बुलाया। जब उसकी पत्नी बाथरूम गई, तो भावेश ने दरवाजे की बाहर से कुंडी लगा दी और अलमारी से मंगलसूत्र, सोने की चेन और 4500 रुपए लेकर भाग गया।
हिरणमगरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

होटल संचालक पर शराब की बोतल से हमला, आरोपी फरार
उदयपुर, 22 मार्च : जिले के सायरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक व्यक्ति ने होटल संचालक पर शराब की बोतल से हमला कर दिया। ढिकोडा गांव में हुई घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस के अनुसार पीड़ित अर्जुन सिंह पुत्र बिशन सिंह जोधा ने बताया कि उसने ढिकोडा में सूरजगढ़ होटल किराए पर लिया है। घटना के दिन वह किराने की दुकान से सामान लेने जा रहा था, तभी रास्ते में करण पुत्र धर्मदास वैष्णव ने उसे रोका और अचानक शराब की बोतल से सिर पर हमला कर दिया। सिर चकराने के कारण अर्जुन अपनी गाड़ी छोड़कर भागने लगा, लेकिन करण ने पीछे से पत्थर मारकर उसे बेहोश कर दिया। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। सायरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

लोन लेकर हड़पे पैसे, मांगे तो दी धमकी, मामला दर्ज
उदयपुर, 22 मार्च: शहर के सुखेर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक द्वारा 70 हजार रुपए का लोन लेकर नहीं लौटाने और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता दलिया बनर्जी निवासी पश्चिम बंगाल ने पुलिस को बताया कि श्रीनाथ फर्नीचर के मालिक नरेश सुधार ने गत 21 दिसंबर को 70 हजार रुपए आवास ऋण के रूप में लिए थे। ये राशि उसने 1 फरवरी तक लौटाने का वादा किया, लेकिन नहीं लौटाए और टालता रहा। इस पर जब पीड़िता ने 10 फरवरी को वकील के माध्यम से उसे नोटिस भिजवा दिया तो वह देख लेने की धमकी देने लगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!