उदयपुर, 14 दिसंबर : शहर के गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के एक कर्मचारी से 1.80 लाख रुपए लूटने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र के बारापाल तालाब के पास हुई, जहां बाइक सवार युवकों ने मारपीट कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार लालसिंह राठोड़ एक फाइनेंस कंपनी में काम करता है और विभिन्न गांवों से पैसा कलेक्शन का काम करता है। शुक्रवार को जब वह आस-पास के गांवों से कलेक्शन कर वापस लौट रहा था। उसी दौरान बारापाल तालाब के पास दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने उसे रोका और मारपीट कर उसके बैग से 1.80 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। लालसिंह ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और आरोपी लोकेश मीणा निवासी परसाद को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। आरोपी से पूछताछ कर लूटी गई राशि बरामद करने की कोशिश की जा रही है। शेष आरोपियों को पकड़ने के लिए क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पत्नी को पैसा चुराकर जुए और शराब में उड़ाया, टोका तो पीटा
उदयपुर, 14 दिसंबर : शहर के गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा और चोरी का गंभीर मामला सामने आया है। पति द्वारा घर से पैसे चुराकर जुआ खेलने और विरोध करने पर पत्नी के साथ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार सेक्टर-14 निवासी माही यादव ने शिकायत दी कि उसके पति महेन्द्र यादव ने घर की अलमारी से बिना बताए 85 हजार रुपए चुरा लिए। इन पैसों से महेन्द्र ने अपने दोस्त रमेश गुर्जर के साथ शराब पी और जुआ खेलकर पूरा पैसा उड़ा दिया। जब माही ने पति से इसका विरोध किया और पैसे के बारे में पूछा, तो महेन्द्र ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस आरोपी पति और उसके दोस्त के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देवरानी-जेठानी के बीच मारपीट, दोनों पक्षों पर क्रॉस केस दर्ज
उदयपुर, 14 दिसंबर : जिले के सायरा थाना क्षेत्र में देवरानी और जेठानी के बीच विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस के अनुसार दोलीबाई पत्नी जवानसिंह निवासी ढुण्ढी खरवड़ो का गुड़ा ने रिपोर्ट दी कि 13 दिसंबर की सुबह वह घर के सामने खाना बनाने के लिए लकड़ियां ले रही थी। तभी पनसिंह और उसकी पत्नी भंवरीबाई आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
वहीं भंवरीबाई पत्नी पनसिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि उसी सुबह देवरानी दौलीबाई और उसके पति जवानसिंह ने उनके साथ मारपीट की और रास्ते में बैल नहीं निकालने देने की बात को लेकर झगड़ा किया। सायरा पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फांसी लगाकर दी युवक ने जान
उदयपुर, 14 दिसंबर : जिले के हिरणमगरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार यश देवड़ा (22) निवासी मोती चौहट्टा प्रभात नगर सैक्टर—6 में किराए पर रह रहा था। शाम को छोटा भाई घर आया और यश को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इस पर पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो यश फांसी पर लटका मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
आपसी झगड़े में किया महिला को घायल
उदयपुर, 14 दिसंबर : शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में पत्थरों की दीवार के विवाद को लेकर एक युवक ने अपने छोटे भाई की पत्नी पर लोहे की कुंट से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार कालीबाई भील निवासी साकरोदा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 दिसंबर की शाम वह घर के बाहर काम कर रही थी। उसी दौरान उसका जेठ देवीलाल गमेती शराब के नशे में दीवार को लेकर गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। कालीबाई ने विरोध किया तो देवीलाल ने लोहे की कुंट से उस पर हमला कर दिया। जिससे वह लहुलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
