उदयपुर। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग उपाध्यक्ष अंजना पंवार के सीवरेज चैम्बर की सफाई में मानव के काम पर रोक की बात के दूसरे दिन बांसवाड़ा में हादसा हो गया। जहां सीवरेज चैम्बर की सफाई करते समय दो युवकों की मौत हो गई।
बताया गया कि हादसा बांसवाड़ा शहर के नई आबादी क्षेत्र में हुआ, जहां सीवरेज की सफाई के लिए तीन युवक चैम्बर में उतरे थे। चैम्बर में बनी गैस की वजह से दो युवक बेहोश हो गए थे, जबकि तीसरा युवक किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब हो गया। जब तक दोनों युवकों को निकाला जाता, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उनके शव बांसवाड़ा के एमबी अस्पताल में रखवाए गए हैं। मृतकों में शामिल रमेश के पिता का कहना है कि उनका बेटा माइकल और एक अन्य युवक के साथ सीवरेज की सफाई के लिए चैम्बर का ढक्कन खोल रहा था। उसी समय तेजी से निकली गैस की वजह से दो युवक घबरा गए और चैम्बर में जा गिरे। तीसरे युवक ने उनको पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह भी नीचे गिर गया लेकिन वह बाहर निकलने में कामयाब हो गया। सीवरेज का चैम्बर तीन मीटर गहरा बताया जा रहा है। सूचन पर नगर परिषद, सिविल डिफेंस, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस के कर्मचारी तथा अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतकों में शामिल दूसरे युवक की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई। बताया गया कि उसकी उम्र बीस से पच्चीस वर्ष के बीच है। वह सीवरेज कंपनी में हैवी गाडी चलाने का काम करता था। घटना को लेकर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि उदयपुर में हुई पिछले सप्ताह एक होटल के सीवरेज चैम्बर की सफाई करते समय दो युवकों की मौत हो गई थी। शुक्रवार को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग उपाध्यक्ष अंजना पंवार उदयपुर आई थीं और वह मृतकों के परिजनों से मिली तथा दोनों परिवार के सदस्यों को दस—दस लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि सीवरेज की सफाई में मानव काम नहीं करेंगे तथा केवल मशीनोें के जरिए ही सफाई की जानी चाहिए।
बांसवाड़ा में करंट लगने से पार्षद की मौत
बांसवाड़ा शहर के पाला रोड स्थित भेरवजी मंदिर पर शनिवार को दर्शन करने गए भाजपा पार्षद योगेश जोशी की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे की सूचना पर जिला अस्पताल में पूर्व चिकित्सा राज्यमंत्री भवानी जोशी, बांसवाड़ा नगर परिषद सभापति जैनेंद्र त्रिवेदी, पूर्व राज्यमंत्री धन सिंह रावत, हकरु मईडा सहित कई भाजपा के नेता पहुंचे। योगेश जोशी शहर के प्रमुख होटल व्यवसाई एवं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे। इस हादसे से भाजपा खेमे में शोक की लहर छा गई है।
सीवरेज चैम्बर की सफाई करते समय हादसा, दो युवकों की मौत
