उदयपुर। ममता, त्याग, प्रेम और समर्पण की जीवंत प्रतिमूर्ति “माँ” को समर्पित एक भावनात्मक एवं संगीतमय कार्यक्रम “मातृत्व दिवस” का आयोजन सुरों की मंडली संस्था द्वारा 10 मई 2026, रविवार को प्रातः 10 बजे मधुश्री बैंक्वेट हॉल, अशोका पैलेस, शोभागपुरा में किया जाएगा।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि यह आयोजन माँ के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और प्रेम व्यक्त करने का एक विशेष प्रयास है। कार्यक्रम में कलाकार माँ पर आधारित मधुर एवं भावनात्मक गीतों की प्रस्तुतियाँ देंगे, जो उपस्थित जनों को भावविभोर कर देंगी।
संस्था के सचिव अरुण चौबीसा ने जानकारी दी कि कार्यक्रम में संगीत के सुरों के माध्यम से माँ के अनमोल योगदान, त्याग और आशीर्वाद को नमन किया जाएगा। यह आयोजन सभी संगीत प्रेमियों एवं परिवारों के लिए एक यादगार अनुभव बनेगा।
कोषाध्यक्ष योगेश उपाध्याय ने बताया कि सुरों की मंडली संस्था सदैव सांस्कृतिक एवं पारिवारिक मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रही है। मातृत्व दिवस का यह आयोजन भी समाज में माँ के सम्मान और पारिवारिक संस्कारों को मजबूत करने की दिशा में एक सुंदर पहल है।
कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने में संस्था के सांस्कृतिक सचिव विष्णु वैष्णव, नूतन वेदी, गोपाल गोठवाल एवं विकास स्वर्णकार विशेष भूमिका निभाएंगे।
संस्था परिवार ने समस्त संगीत प्रेमियों, कलाकारों एवं शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर “माँ” को समर्पित इस संगीतमय आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है।
